छत्तीसगढ़

CG: KCC ऋण घोटाले का आरोपी कम्प्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार

Shantanu Roy
20 July 2026 6:15 PM IST
CG: KCC ऋण घोटाले का आरोपी कम्प्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार
x
छग
Surguja. सरगुजा। सरगुजा जिले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा पेटला में हुए करोड़ों रुपये के केसीसी ऋण घोटाले मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना सीतापुर पुलिस ने धोखाधड़ी और अनियमितता के मामले में शामिल कम्प्यूटर ऑपरेटर दीपक कुमार चक्रधारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी पर अन्य आरोपियों के साथ मिलकर किसानों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लाखों रुपये की राशि निकालने का आरोप है। पुलिस की इस कार्रवाई को डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा निर्देशन में अंजाम दिया गया।

मामला जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अम्बिकापुर की शाखा पेटला से जुड़ा हुआ है। बैंक में केसीसी ऋण वितरण के दौरान हुई अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद प्रारंभिक जांच कराई गई थी। जांच रिपोर्ट में बड़े स्तर पर वित्तीय गड़बड़ी सामने आई। जांच दल ने पाया कि कुल 127 किसानों के फर्जी हस्ताक्षर कर उनके खातों से 1 करोड़ 92 लाख 82 हजार 96 रुपये की राशि का आहरण किया गया था। जांच में बैंक के कई अधिकारी और कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन प्रभारी शाखा प्रबंधक भूपेन्द्र सिंह परिहार, सहायक लेखापाल शिवशंकर सोनी, कैशियर ललिता सिन्हा, सामान्य सहायक सुमित कुमार, दैनिक वेतन भोगी कम्प्यूटर ऑपरेटर दीपक कुमार चक्रधारी सहित अन्य लोगों को अनियमितता के लिए जिम्मेदार माना गया।

इसके अलावा तत्कालीन प्राधिकृत अधिकारी मदन सिंह, प्राधिकृत अधिकारी जोगी राम, वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक सैनाथ केरकेट्टा और तत्कालीन समिति प्रबंधक के खिलाफ भी जांच में जिम्मेदारी तय की गई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस को आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज करने के निर्देश मिले थे। इसके बाद थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318, 316(5), 61(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मामले से जुड़े दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच की। जांच में आरोपी दीपक कुमार चक्रधारी की भूमिका सामने आई। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी दीपक कुमार चक्रधारी पिता मनोहर राम उम्र 29 वर्ष निवासी
अखोराकला थाना
जयनगर जिला सूरजपुर का रहने वाला है।

आरोपी बैंक शाखा में दैनिक वेतन भोगी कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि उसने अन्य आरोपियों के साथ सांठगांठ कर किसानों के दस्तावेजों और खातों का दुरुपयोग किया। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में आपराधिक गतिविधियों और आर्थिक अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आम लोगों और किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी सीतापुर उप निरीक्षक अखिलेश सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक उप निरीक्षक डेविड मिंज, प्रधान आरक्षक नंदकुमार प्रजापति, तिजलाल पैकरा और आरक्षक महेन्द्र कुमार नाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब मामले में जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और घोटाले की पूरी साजिश का खुलासा करने में जुटी हुई है।
Tagsसरगुजाधोखाधड़ीआरोपी गिरफ्तारKCC ऋण घोटालाजिला सहकारी बैंकपेटला बैंक शाखासीतापुर पुलिसबैंक फ्रॉडफर्जी हस्ताक्षरकिसान धोखाधड़ी1.92 करोड़ घोटालादीपक कुमार चक्रधारीकम्प्यूटर ऑपरेटरपुलिस कार्रवाईबीएनएस धाराअपराध क्रमांक 188/2026बैंक कर्मचारीअनियमितताफर्जी दस्तावेजआर्थिक अपराधसहकारी बैंकअम्बिकापुरसूरजपुरजांच रिपोर्टआरोपी गिरफ्तारीपुलिस जांचन्यायालय पेशीफरार आरोपीसाठगांठकेसीसी ऋणवित्तीय गड़बड़ीसरगुजा पुलिसछत्तीसगढ़ अपराधबैंक घोटालाकिसानों के खातेपुलिस अभियानSurgujafraudaccused arrestedKCC loan scamDistrict Cooperative BankPetla bank branchSitapur Policebank fraudforged signaturesfarmer fraud₹1.92 crore scamDeepak Kumar Chakradharicomputer operatorpolice actionBNS sectionCrime No. 188/2026bank employeeirregularitiesforged documentsfinancial crimecooperative bankAmbikapurSurajpurinvestigation reportarrest of accusedpolice investigationcourt appearanceabsconding accusedcollusionKCC loanfinancial misconductSurguja PoliceChhattisgarh crimebank scamfarmers' accountspolice operation.
Next Story