छत्तीसगढ़
CG: कर्मचारी हितों के संरक्षण में छत्तीसगढ़ पीछे, संजय शर्मा ने उठाए सवाल
Shantanu Roy
25 Nov 2026 1:08 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने राज्य में शासकीय कर्मचारियों और शिक्षकों की लंबित समस्याओं को लेकर विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी हितों के संरक्षण और उनकी समस्याओं के निराकरण के मामले में छत्तीसगढ़ अभी भी मध्य प्रदेश से काफी पीछे है। मध्य प्रदेश में राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के नेता रमेश चंद्र शर्मा को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिए जाने के संदर्भ में उन्होंने यह टिप्पणी की है।
संजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कर्मचारी संगठन लगातार अपनी मांगों और समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष प्रस्तुत करते हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर टालमटोल का रवैया अपनाया जाता है। कर्मचारियों की मांगों के परीक्षण के लिए गठित समितियां निर्धारित समय सीमा में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करती हैं। इसके अलावा अधिकारियों और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच होने वाली बैठकों में भी संतोषजनक समाधान नहीं निकल पाता है। इसके चलते कर्मचारियों को अपनी मांगों के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ता है।
उन्होंने मध्य प्रदेश की कर्मचारी कल्याण व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए एक निर्धारित प्रणाली काम करती है। कर्मचारी संगठनों द्वारा ज्ञापन सौंपे जाने के बाद उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाती है। आवश्यकता के अनुसार समितियों का गठन किया जाता है और तथ्यों के आधार पर चर्चा कर निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान निकालने का प्रयास किया जाता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सातवें वेतनमान के भुगतान से लेकर महंगाई भत्ते के मामले में मध्य प्रदेश में कर्मचारियों को देय तिथि से एरियर सहित लाभ देने की परंपरा रही है। इसके विपरीत छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों को महंगाई भत्ते की बकाया राशि प्राप्त करने के लिए लंबे समय से इंतजार करना पड़ रहा है। संजय शर्मा ने दावा किया कि प्रदेश के शिक्षकों और कर्मचारियों को करीब 88 महीने का महंगाई भत्ता एरियर नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में महंगाई भत्ते की घोषणा भी विलंब से की जाती है। इसके अलावा घोषणा की तिथि से ही महंगाई भत्ते का लाभ देने का प्रचलन बना दिया गया है, जिसके कारण कर्मचारियों को पूर्व की अवधि की बकाया राशि प्राप्त नहीं हो पाती है। इस स्थिति के चलते प्रदेश के करीब साढ़े चार लाख कर्मचारियों में नाराजगी है।
उन्होंने कर्मचारी संगठनों और प्रशासन के बीच नियमित संवाद की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि मध्य प्रदेश में कर्मचारियों की समस्याओं को शासन तक पहुंचाने के लिए मजबूत संवाद तंत्र है, जबकि छत्तीसगढ़ में राज्य, संभाग, जिला और विकासखंड स्तर पर नियमित बैठकों का अभाव है। कर्मचारियों से संबंधित विषयों पर गठित समितियों के प्रतिवेदन भी समय पर प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, जिससे समस्याएं लंबे समय तक लंबित रहती हैं। शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए संजय शर्मा ने कहा कि शिक्षकों और सहायक शिक्षकों को ऑनलाइन शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) में शामिल होने के लिए बाध्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई शिक्षक कंप्यूटर संचालन से पूरी तरह परिचित नहीं हैं। ऐसी स्थिति में ऑनलाइन परीक्षा को लेकर उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने ऑनलाइन परीक्षा के साथ ऑफलाइन परीक्षा का विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में पहल नहीं होने पर भी चिंता जताई। इसके अलावा शिक्षकों की पूर्व सेवा गणना का विषय लंबे समय से लंबित रहने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर शिक्षकों की व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखकर निर्णय लिए जाने चाहिए। संजय शर्मा के अनुसार, कर्मचारी संगठनों के साथ नियमित संवाद, समितियों की समयबद्ध रिपोर्ट और लंबित मांगों का निराकरण आवश्यक है। इससे कर्मचारियों को बार-बार आंदोलन करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने मध्य प्रदेश की कर्मचारी कल्याण व्यवस्था का उदाहरण देते हुए छत्तीसगढ़ में भी कर्मचारियों के हितों के संरक्षण के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने की जरूरत बताई।
Next Story





