छत्तीसगढ़

CG BREAKING: जगदलपुर रेलमार्ग फिर भूस्खलन की चपेट में, कोरापुट-किरंदुल रूट ठप

Shantanu Roy
2 July 2025 6:48 PM IST
CG BREAKING: जगदलपुर रेलमार्ग फिर भूस्खलन की चपेट में, कोरापुट-किरंदुल रूट ठप
x
छग
Jagdalpur. जगदलपुर। बस्तर संभाग में लगातार हो रही तेज बारिश ने एक बार फिर रेल यातायात को प्रभावित कर दिया है। कोरापुट-किरंदुल रेललाइन के मल्लिगुड़ा और जराटी स्टेशनों के बीच भारी भूस्खलन हुआ है। पहाड़ से आया मलबा और विशाल चट्टानें ट्रैक पर जमा हो गई हैं, जिससे इस मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, भूस्खलन की सूचना मिलते ही वल्टेयर रेल मंडल की आपदा प्रबंधन टीम को मौके पर भेजा गया है। ट्रैक की बहाली के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया गया है, जिसमें भारी मशीनरी, सैकड़ों मजदूर और अन्य संसाधन लगाए गए हैं।

दो ट्रेनें रद्द, यात्रियों से सतर्कता की अपील
रेलवे प्रशासन ने एहतियातन 2 ट्रेनों — 18448 हीराखंड एक्सप्रेस (जगदलपुर-भुवनेश्वर) और 18516 नाइट एक्सप्रेस (किरंदुल-विशाखापट्टनम) को रद्द कर दिया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पूर्व संबंधित रेल सेवा की ताजा जानकारी अवश्य लें। गौरतलब है कि ठीक ऐसी ही घटना 24 सितंबर 2023 को इसी रेलखंड पर मानबार और जराटी स्टेशनों के बीच हुई थी। उस दौरान भी पहाड़ी मलबे और चट्टानों ने ट्रैक को जाम कर दिया था और 17 दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद रेल सेवा बहाल हो पाई थी।

उस ऑपरेशन में 25 से अधिक जेसीबी और करीब 450 मजदूरों की मदद ली गई थी। रेलवे प्रशासन इस बार भी उसी स्तर की सतर्कता और तत्परता के साथ राहत कार्य में जुटा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों तक बस्तर क्षेत्र में भारी वर्षा की संभावना है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है। रेलवे की निगरानी टीम ट्रैक की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। दुर्घटनास्थल के दोनों ओर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
Next Story