छत्तीसगढ़

CG BREAKING: 40 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

Shantanu Roy
14 Sept 2026 3:47 PM IST
CG BREAKING: 40 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
x
छग
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 किलो अवैध गांजा के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सरसीवां पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से होंडा सिटी कार, KTM मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 28 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गांजा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान टीम को ओडिशा की ओर से गांजा लाए जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर सरसीवां थाना क्षेत्र में टीम ने संदिग्ध वाहनों पर नजर रखना शुरू किया। इसी दौरान ग्राम गाताडीह-गोपालपुर रोड पर राजकुमार राणा की ऑटो पार्ट्स दुकान के पास घेराबंदी की गई। पुलिस टीम ने एक सफेद रंग की होंडा सिटी कार को रोककर तलाशी ली। कार में टुकेश्वर यादव (22), निवासी बालांव, थाना पामगढ़ और गणेश राम यादव (21), निवासी मुड़पार, हाल बारगांव, थाना पामगढ़ सवार मिले।
तलाशी के दौरान कार से 40 पैकेट में कुल 40 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा के साथ होंडा सिटी कार और आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए। पुलिस के अनुसार, कार के आगे एक KTM मोटरसाइकिल चल रही थी। बाइक सवार संदिग्धों की भूमिका पायलेटिंग करने के रूप में सामने आने पर पुलिस ने उन्हें भी पकड़ लिया। बाइक पर भावेश साहू और विनोद यादव, दोनों निवासी बारगांव, थाना पामगढ़ सवार थे। उनके कब्जे से KTM मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि चारों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर लंबर-सरसीवां मार्ग होते हुए पामगढ़ की ओर जा रहे थे।
कार को आगे बढ़ाने से पहले बाइक के जरिए रास्ते की निगरानी की जा रही थी। पुलिस ने घेराबंदी कर कार और बाइक दोनों को रोक लिया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने कार्रवाई में 40 किलो गांजा, होंडा सिटी कार, KTM मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत 28 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है। चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस अब गांजा की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और इसके नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान थाना सरिया और थाना सरसीवां क्षेत्र में गांजा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मामलों में कुल 50.761 किलो गांजा बरामद हुआ है। इसके अलावा दो कार, एक KTM मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। दोनों मामलों में जब्त संपत्ति की कुल कीमत 36 लाख 49 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Next Story