छत्तीसगढ़
CG: नदी किनारे और खानबाड़ा से 8 जुआरी गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Shantanu Roy
17 May 2026 10:40 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। शहर में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चांटीडीह और नया पुल के पास चल रहे जुआ फड़ों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया, जबकि कुछ आरोपी अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों स्थानों से कुल 6 हजार 610 रुपये नकद और ताश की पत्तियां जब्त की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, सरकंडा पुलिस ने सबसे पहले नया पुल के पास नदी किनारे चल रहे जुआ फड़ पर दबिश दी।
यहां पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रामकृपाल साहू, मोहम्मद मस्तकीम, दीपू कश्यप और सचिन कश्यप शामिल हैं। इनके पास से 3 हजार 10 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने खानबाड़ा क्षेत्र में कार्रवाई की, जहां खुले मैदान में जुआ खेला जा रहा था। पुलिस के पहुंचते ही वहां भगदड़ मच गई। इसके बावजूद पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर चार और जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में गौरव कश्यप, संटी कश्यप, सितांशु कश्यप और श्यामू कश्यप शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी।
Next Story





