छत्तीसगढ़

सीईओ जिला पंचायत ने समय-सीमा की बैठक लेकर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

Nil dhankar
30 Jun 2026 4:42 PM IST
सीईओ जिला पंचायत ने समय-सीमा की बैठक लेकर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
x

कोंडागांव। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीईओ भोई ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक विभाग शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करे। उन्होंने बस्तर मुन्ने अभियान की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए विभागों को निर्देश दिए कि हितग्राहियों को प्रदान किए जा रहे योजनाओं के लाभों की जानकारी समय पर पोर्टल में दर्ज की जाए, ताकि योजनाओं की वास्तविक प्रगति पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। उन्होंने सभी अधिकारियों से डेटा एंट्री में शत-प्रतिशत शुद्धता एवं समयबद्धता बनाए रखने को कहा।

बैठक में जनदर्शन के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा आवेदकों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने विकासखंडवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी मामलों का निराकरण करने के निर्देश दिए। सीईओ श्री भोई ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विभागों को लंबित प्रकरणों का नियमित अनुश्रवण करते हुए शीघ्र निराकरण करने और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story