
कोरबा। रिस्दी-रजगामार रोड पर तेज रफ्तार कार मोपेड को टक्कर मारते हुए खेत में जा गिरी। घटना में मोपेडे से फेंकाकर गिरे पिता व 5 वर्षीय पुत्र की मौत हो गई, जबकि मां घायल हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। रजगामार चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विनोद सिंह के मुताबिक दुर्घटना शनिवार की शाम करीब 4 बजे हुई।
चौकी अंतर्गत मौहार-केराकछार निवासी चैतराम राठिया (44) अपनी पत्नी व 5 साल के पुत्र दुर्गेश के साथ मोपेड सीजी-12-बीएन-9638 में सवार शहर से घर लौट रहा था। वे डूमरडीह के पास पहुंचे थे कि विपरीत दिशा रजगामार से शहर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार सीजी-12-एके-5190 बेकाबू होकर उनके मोपेड को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि मोपेड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बच्चे समेत दंपती फेंका गए। सड़क किनारे गिरने से पिता व बच्चे के सिर में गंभीर चोट लगी जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जबकि मां दूर फेंकाने से घायल हो गई। कार भी सड़क से नीचे खेत में जा गिरी। राहगीर मौके पर पहुंचे। इस दौरान कार से दो युवक निकले जो नशे की हालत में थे। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर रजगामार चौकी से पुलिस टीम पहुंची।





