छत्तीसगढ़

रॉन्ग साइड चल रही कार बनी हादसे की वजह, दो मासूमों की मौत

Shantanu Roy
21 Sept 2026 5:11 PM IST
रॉन्ग साइड चल रही कार बनी हादसे की वजह, दो मासूमों की मौत
x
छग
Balod. बालोद। जिले के डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। परसुली के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पिता और दो बच्चों को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 3 वर्षीय बच्चे और उसके 12 वर्षीय चचेरे भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे पिता पवन सोनकर गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है। घटना के बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।

गणेश देखने निकले थे पिता और बच्चे
ग्रामीणों के अनुसार, परसुली निवासी पवन सोनकर रविवार रात अपने 3 वर्षीय बेटे और 12 वर्षीय भतीजे के साथ बाइक से निकले थे। तीनों घर के आसपास लगे गणेश पंडाल देखने जा रहे थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा की तरफ से देवरी की ओर जा रही तेज रफ्तार कार क्रमांक CG 08 AT 360 ने रॉन्ग साइड में आकर उनकी बाइक क्रमांक CG 24 S 1107 को सामने से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार कि सड़क पर जा गिरे तीनों
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार और बाइक के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में पिता और दोनों बच्चों को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था शुरू की।

राजनांदगांव रेफर किए गए थे घायल
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को तत्काल देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव रेफर कर दिया। राजनांदगांव में उपचार के दौरान पवन सोनकर के 3 वर्षीय बेटे और उनके 12 वर्षीय भतीजे ने दम तोड़ दिया। वहीं पवन सोनकर का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

गांव में पसरा मातम
दो बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परसुली गांव में शोक का माहौल छा गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने हादसे के लिए तेज रफ्तार और लापरवाही को जिम्मेदार बताया है। हादसे के बाद कार चालक और उसका साथी वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर देवरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कार को कब्जे में लिया। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर फरार चालक और उसके साथी की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
Next Story