छत्तीसगढ़

कार दलाल गिरफ्तार, 20 लाख लौटाने की बजाय थमाया फर्जी चेक

Nil dhankar
21 Jun 2026 8:23 AM IST
कार दलाल गिरफ्तार, 20 लाख लौटाने की बजाय थमाया फर्जी चेक
x
छग

जांजगीर-चांपा। जिले में फॉर्च्यूनर कार की खरीद-बिक्री के नाम पर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने वाहन सौदे के दौरान रकम लेने के बाद कार किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दी और पैसे लौटाने के बजाय पीड़ित को बाउंस होने वाला चेक थमा दिया।यह मामला तब सामने आया जब कोरबा जिले के सर्वमंगला नगर निवासी चंद्रप्रकाश जायसवाल ने चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के मुताबिक, अक्टूबर 2024 में ग्राम करनौद निवासी विवेक डड़सेना के साथ फॉर्च्यूनर वाहन को गिरवी रखने अथवा खरीदने के लिए 20 लाख रुपये का सौदा हुआ था। रकम लेने के बाद आरोपी ने वाहन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। पीड़ित ने जब अपनी राशि वापस मांगी तो विवेक ने भुगतान के लिए चेक दिया, लेकिन बैंक में प्रस्तुत करते ही चेक बाउंस हो गया। इसके बाद खुद को ठगा महसूस करते हुए पीड़ित ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।

शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा। एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर आरोपी की तलाश तेज की। आखिरकार 19 जून को पुलिस ने ग्राम करनौद से विवेक डड़सेना को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने ठगी की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके पास से चेकबुक और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित पीड़ितों की भी जांच कर रही है।

Next Story