छत्तीसगढ़

CAF जवान ने दिया चोर का साथ, दुर्ग चोरी मामले में अपडेट

Nilmani Pal
19 Oct 2025 1:16 PM IST
CAF जवान ने दिया चोर का साथ, दुर्ग चोरी मामले में अपडेट
x

दुर्ग। चोर ने चोरी का सामान जेल के पीछे बने वॉच टॉवर में छिपा दिया, जहां से सुरक्षा की निगरानी की जाती है। इस मामले में छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) के एक जवान की मिलीभगत भी सामने आई है। यह घटना केंद्रीय विद्यालय के पास शासकीय महिला कॉलेज गेट के समीप स्थित एक लोक सेवा केंद्र में हुई है। आरोपी की पहचान स्मृति नगर, भिलाई निवासी 28 वर्षीय प्रिंस गौर के रूप में हुई है। उसने लोक सेवा केंद्र से कंप्यूटर, प्रिंटर, केबल्स, टेबल-कुर्सी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया था। चोरी के बाद आरोपी ने सारा सामान जेल परिसर के पीछे बने वॉच टॉवर में छिपा दिया। वहां ड्यूटी पर तैनात CAF जवान ऋषिकांत त्रिपाठी को घटना की जानकारी थी।

हालांकि, उसने किसी भी वरिष्ठ अधिकारी को इसकी सूचना नहीं दी। जब दैनिक भास्कर की टीम मौके पर पहुंची, तो CAF जवान नशे की हालत में सोया हुआ मिला और उसके पास शराब की बोतलें बिखरी हुई थीं। आरोपी प्रिंस गौर और जवान ऋषिकांत त्रिपाठी आपस में परिचित हैं। ऋषिकांत रायपुर नाका स्थित एसएफ क्वार्टर में रहता है। जबकि प्रिंस स्मृति नगर का निवासी है।

उनकी पुरानी जान-पहचान के कारण प्रिंस का जेल टॉवर तक आना-जाना था। लोक सेवा केंद्र के दुकानदार शैलेश चंद्राकर ने बताया कि सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने चोर को फोटो कॉपी मशीन उठाते हुए देखा और वह लोगों से मदद मांग रहा था। दुकान का ताला टूटा देखकर लोगों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो चोरी किया गया सारा सामान जेल के पीछे टॉवर के नीचे और ऊपर की मंजिल पर मिला। पुलिस ने आरोपी प्रिंस गौर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जवान ऋषिकांत त्रिपाठी से पूछताछ की जा रही है।

Next Story
null