व्यापारी ने जहर सेवन कर जलती आग में लगाई छलांग, परिजन सदमे में

जशपुर। जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां पूरन तालाब के पास शुक्रवार देर रात खेत में रखे पुआल में जलकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि मृतक ने पहले कीटनाशक जहर का सेवन किया और उसके बाद आग में कूदकर आत्महत्या कर ली। मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान समसुल्हक खान (50 वर्ष) निवासी बिलाईटांगर, पत्थलगांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, समसुल्हक खान रोजाना की तरह प्लास्टिक का सामान लेकर बाजार-हाट में दुकान लगाते थे। शुक्रवार की शाम वे घर से यह कहकर निकले थे कि वे प्रकाश सिंह के गोदाम में हिसाब कराने जा रहे हैं। इस दौरान वे अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
प्रकाश सिंह से संपर्क करने पर बताया गया कि, हिसाब हो चुका था और समसुल्हक खान वहां से निकल चुके थे, लेकिन उनकी हिसाब की डायरी और झोला गोदाम में ही छूट गया था। इसी बीच जशपुर रोड स्थित पूरन तालाब के पास मछली बाजार के नजदीक खेत में उनकी लूना टीवीएस एक्सएल खड़ी मिली। आसपास खोजबीन करने पर खेत में रखे पुआल में आग लगी दिखाई दी। पास जाकर देखने पर समसुल्हक खान पुआल में जले हुए अवस्था में मिले, जिनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।





