छत्तीसगढ़

कारोबारी के साथ दुर्ग में मारपीट, सिरसा गेट के पास वारदात

Nilmani Pal
26 Dec 2025 8:33 AM IST
कारोबारी के साथ दुर्ग में मारपीट, सिरसा गेट के पास वारदात
x

दुर्ग। भिलाई-3 में निवेश के नाम पर हुए पैसे के लेन-देन के विवाद में एक स्कूटी शोरूम संचालक के साथ सरेआम मारपीट की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसने निवेश में हुए नुकसान के बाद भी आरोपियों को 16 लाख रुपए चुका दिए थे, लेकिन फिर भी वे उससे लगातार पैसे की मांग कर रहे थे।

23 दिसंबर की शाम पीड़ित को सिरसा गेट के पास बुलाकर आरोपियों ने उसे गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए हमला किया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। पीड़ित मिंटू कुमार झा ने बताया कि वह विश्वबैंक कॉलोनी, भिलाई-3 का निवासी है और दुर्ग में "माधव ऑटो मोबाइल" नाम से इलेक्ट्रिक स्कूटी का शोरूम चलाता है। लगभग एक साल पहले बालाजी नगर खुर्सीपार निवासी उसका पुराना परिचित एस. शिवशेखर राव उसके शोरूम आया। बातचीत के दौरान उसने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए मिंटू से पैसे निवेश कराने की बात कही। इसके बाद, शिवशेखर के परिचित गणेश अन्ना ने 8 लाख रुपये निवेश के लिए दिए, जिन्हें मिंटू ने साहस इंफ्राटेक कंपनी, बिलासपुर में निवेश करवा दिया।

पीड़ित के मुताबिक 23 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे गणेश अन्ना और एस. शिवशेखर राव ने फोन कर सिरसा गेट, भिलाई-3 के पास मिलने के लिए बुलाया। रायपुर से लौटते समय वह वहां रुका। मौके पर गणेश अन्ना, शिवशेखर राव के साथ उनका एक और साथी मौजूद था। तीनों ने मिलते ही पैसों की मांग शुरू कर दी और गाली-गलौज करने लगे। जब पीड़ित ने शांति से बैठकर बात करने और अपने पिता को बुलाने की बात कही, तो गणेश अन्ना भड़क गया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ में पहने लोहे के पंच से पीड़ित की नाक और आंख के पास वार कर दिया। इसके बाद शिवशेखर राव और अन्य व्यक्ति ने भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की। हमले में पीड़ित मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। पीड़ित का कहना है कि घटना को आसपास मौजूद लोगों ने भी देखा है। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


Next Story
null