छत्तीसगढ़
बैंक में बंधक जमीन को बताया भारमुक्त, 49.70 लाख की धोखाधड़ी, कारोबारी गिरफ्तार
Shantanu Roy
23 Sept 2026 5:08 PM IST

x
छग
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। जमीन और मकान को भारमुक्त एवं विवादरहित बताकर कुल 49 लाख 70 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी करने के मामले में चांपा पुलिस ने 44 वर्षीय हरिशंकर गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बैंक में संपत्ति बंधक होने की जानकारी छिपाकर जमीन का सौदा किया और रकम प्राप्त कर ली। आरोप यह भी है कि सौदा की गई जमीन के एक हिस्से को बाद में दूसरे व्यक्ति को बेच दिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक तहसील रोड बरपाली चौक चांपा निवासी वरुण सोमानी ने थाना चांपा में मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मारुति विहार कॉलोनी चांपा निवासी हरिशंकर गुप्ता ने ग्राम पोड़ीकला में स्थित कुल 22 खसरों की 4.95 एकड़ जमीन को भारमुक्त और विवादरहित बताया था। दोनों पक्षों के बीच उक्त जमीन का सौदा 29 लाख 70 हजार रुपये में तय हुआ। शिकायत के अनुसार आरोपी ने पूरी रकम प्राप्त करने के बाद 14 जुलाई 2025 को जमीन का विक्रय इकरारनामा भी निष्पादित किया था।
सौदा की गई जमीन का हिस्सा दूसरे को बेचने का आरोप
पुलिस के अनुसार इसके बाद आरोपी ने सौदा की गई जमीन में से नौ खसरों की कुल 2.37 एकड़ भूमि किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी और उसकी रजिस्ट्री भी करा दी। जब शिकायतकर्ता ने शेष जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए कहा तो आरोपी कथित तौर पर लगातार टालमटोल करता रहा। बार-बार रजिस्ट्री नहीं होने पर जमीन से संबंधित राजस्व अभिलेखों की जांच की गई। शिकायत के मुताबिक इसी दौरान पता चला कि जिस जमीन को भारमुक्त बताकर सौदा किया गया था, वह बैंक में बंधक थी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पूरे मामले को लेकर पुलिस से संपर्क किया।
दूसरी संपत्ति के नाम पर भी 20 लाख लेने का आरोप
पुलिस के मुताबिक शिकायत में एक अन्य संपत्ति के लेनदेन का भी जिक्र किया गया है। आरोप है कि हरिशंकर गुप्ता ने शिकायतकर्ता के पिता से चांपा स्थित जमीन और मकान को भी भारमुक्त एवं विवादरहित बताकर 20 लाख रुपये प्राप्त किए थे। बाद में जानकारी जुटाने पर उक्त संपत्ति के भी बैंक में बंधक होने की बात सामने आई। इस तरह दोनों संपत्तियों से जुड़े सौदों में कुल 49 लाख 70 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है।
आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
शिकायत के आधार पर चांपा पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी हरिशंकर गुप्ता को पकड़कर घटना के संबंध में पूछताछ की। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह एवं थाना स्टाफ की भूमिका रही। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
Next Story





