
राजनांदगांव। जिले के लाल बहादुर नगर में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला अब तूल पकड़ने लगा है. करीब एक महीने पहले अतिक्रमण हटाने के लिए नगर पंचायत ने नोटिस जारी किया था, लेकिन न तो कब्जाधारियों ने जमीन खाली की, न ही प्रशासन ने आगे कोई कदम बढ़ाया.
वार्ड नंबर 14 स्थित डोंगरगढ़ मेन रोड के किनारे सरकारी जमीन पर दर्जनभर लोगों ने कब्जा कर रखा है, जिसकी दूरी राष्ट्रीय राजमार्ग से महज दो किलोमीटर है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कब्जे की शिकायत पहले ग्राम पंचायत में भी की गई थी, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई. अब नगर पंचायत बनने के बाद मामला दोबारा सुर्खियों में आया है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर फिर वही ढिलाई दिखाई जा रही है.
1 सितंबर को नगर पंचायत ने रोड किनारे बने कुछ अवैध निर्माणों पर नोटिस जारी किया था. इसके बाद 10 सितंबर को कारण बताओ नोटिस भेजा गया. जब कब्जा नहीं हटा तो 25 सितंबर को प्रशासन ने दो अतिक्रमणों पर कार्रवाई की, लेकिन उसी दिन तीसरे कब्जाधारी को केवल समझाइश देकर छोड़ दिया गया. अब एक महीना बीत चुका है, मगर बाकी अतिक्रमण जस के तस हैं, जिससे अधिकारियों पर पक्षपात के आरोप लगने लगे हैं. वार्ड पार्षदों के मुताबिक, कुएं के सामने वाली सरकारी जमीन पर गार्डन बनाने का प्रस्ताव पास हुआ है और इसके लिए निधि भी स्वीकृत हो चुकी है. बावजूद इसके, जमीन अब तक खाली नहीं कराई गई. इससे पहले यहां कचरा पात्र और हैंडपंप लगाने का भी प्रस्ताव आया था, लेकिन स्थानीय निवासियों के विरोध के चलते उसे दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया.





