बीजेपी नेता की दुकान में बुलडोजर एक्शन, कागजात लूटने का आरोप

चिरंजीव ने थाने में दिए तहरीर में लिखा है कि एक दुकान लंबे समय से उनकी थी, जिसे कुछ लोगों ने खरीद लिया है। उस दुकान पर वह कब्जा करना चाहते हैं और उन्हीं लोगों ने दुकान को बुलडोजर लगाकर गिरा दिया। दुकान में रखा दस हजार रुपया व कागजात लूट ले गए हैं। उधर, संयुक्त व्यापार मंडल के संयोजक रमेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि रात में दुकान मलिक कारखाने के अंदर सो रहे थे, तभी अचानक दर्जनों लोगों ने बुलडोजर के साथ उक्त दुकान पर धावा बोल दिया और जमीदोंज कर दिया। दुकान मालिक ने आरोप लगाया कि वह प्रतिदिन रात को कारखाने में सोते थे, जिसकी जानकारी दुर्गा प्रसाद जायसवाल को थी और उसने ही हत्या की नीयत से दुकान ढहाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल शनिवार की सुबह 11 बजे एसएसपी से मिलकर गिरफ्तारी की मांग उठाएगा।
मनबढ़ों द्वारा पूर्व डिप्टी मेयर एवं पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य चिरंजीव चौरसिया की दुकान तोड़े जाने और लूटपाट की घटना को लेकर संयुक्त व्यापार मंडल और भाजपा से जुड़े व्यापारी संगठनों ने शनिवार को एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। व्यापारी एसएसपी से मिलने पहुंचे थे, लेकिन समय देने के बाद भी नहीं मौजूद रहने पर व्यापारी जमीन पर ही धरने पर बैठ गए। बाद में उनकी अनुपस्थिति में एसपी सिटी को व्यापारियों ने ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया। व्यापारियों का नेतृत्व संयुक्त व्यापार मंडल के संयोजक रमेश चंद्र गुप्ता कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि 18 सितंबर की रात को दुर्गा प्रसाद जायसवाल और उसके साथियों ने बुलडोजर चलवाकर चौरसिया की 45 साल पुरानी दुकान को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान दुकान में रखा सामान, नगद और कागजात भी लूट लिए गए। व्यापारी नेताओं ने दुर्गा प्रसाद जायसवाल और उसके साथियों की गिरफ्तारी, दुर्गाबाड़ी चौकी प्रभारी की भूमिका की जांच और रात्रि गश्त में लापरवाह पुलिसकर्मियों के निलंबन की मांग की। साथ ही, उन्होंने ध्वस्त दुकान का पुनर्निर्माण और क्षतिपूर्ति की भी मांग उठाई।
इस बीच एसएसपी से न मिल पाने पर व्यापारी कार्यालय परिसर में ही धरने पर बैठ गए। वार्ता के दौरान एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने आश्वस्त किया कि केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द होगी। दोषी पुलिसकर्मियों को भी किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।





