भैंस का सीज़ेरियन सेक्शन ऑपरेशन सफल, 2 दिनों से कर रही थी जन्म देने की कोशिश

कोंडागांव। जिले के ग्राम ओटेंडा में पशु मालिक शिवलाल नेताम के आठ वर्षीय भैंस की प्रसव में असमर्थता के कारण एक आपातकालीन शल्य चिकित्सा कार्य सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया। भैंस पिछले दो दिनों से जन्म देने की कोशिश कर रही थी, लेकिन असफल रही।
पशु मालिक ने स्थिति गंभीर होने तक किसी को सूचना नहीं दी। जब टीम को जानकारी मिली, तब तत्काल मौके पर जाकर पशु का निरीक्षण किया गया। भैंस लेटे हुए अवस्था में थी और हाथ से प्रसव करना संभव नहीं था, क्योंकि बछड़ा पूर्ण विकसित पश्चात मृत हो चुका था।
सर्जरी डॉ. सुरेंद्र मरकाम और एमवीयू के डॉक्टर ने किया। उन्होंने तुरंत सीज़ेरियन सेक्शन करके मृत बछड़े को बाहर निकाला। इस प्रक्रिया से भैंस की जान बचाई गई और वह वर्तमान में स्वस्थ अवस्था में खड़ी है। इस ऑपरेशन के दौरान भैंस की स्थिति और स्वास्थ्य पर पूरी तरह ध्यान रखा गया तथा पशु को आवश्यक चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है। इस सफल ऑपरेशन ने जिले में पशु स्वास्थ्य सेवाओं की तत्परता और विशेषज्ञ शल्य चिकित्सा की उपलब्धता को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया।





