छत्तीसगढ़

बाघ के हमले से भैंस की मौत, सूरजपुर-कोरिया सीमा में वन विभाग ने किया अलर्ट जारी

Nilmani Pal
14 Jun 2026 8:48 AM IST
बाघ के हमले से भैंस की मौत, सूरजपुर-कोरिया सीमा में वन विभाग ने किया अलर्ट जारी
x

भैयाथान। सूरजपुर और कोरिया जिले के सीमावर्ती जंगलों में बाघ की लगातार मौजूदगी अब ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बन गई है। कोरिया जिले के खोंड ग्राम पंचायत के जंगल में एक बाघ ने भैंस का शिकार कर दिया, जिससे आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है। घटना के बाद जहां कोरिया वन विभाग की टीम सक्रिय होकर मौके पर पहुंची, वहीं सीमावर्ती क्षेत्र से जुड़े सूरजपुर जिले के ओड़गी वन परिक्षेत्र के अधिकारियों और कर्मचारियों की निष्क्रियता को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

जानकारी के अनुसार सूरजपुर जिले के बड़सरा निवासी धर्मजीत सिंह की भैंस जंगल किनारे चर रही थी। इसी दौरान बाघ ने हमला कर उसे मार डाला। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। कोरिया जिले के टेमरी बीट प्रभारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच के बाद भैंस की मौत बाघ के हमले से होने की पुष्टि की।

घटना के बाद वन विभाग ने बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य तकनीकी माध्यमों का उपयोग शुरू किया है। आसपास के गांवों में लोगों को सतर्क रहने, अकेले जंगल की ओर नहीं जाने और मवेशियों को जंगल के किनारे नहीं छोड़ने की सलाह भी दी जा रही है। इस क्षेत्र में तीन बाघ के विचरण की जानकारी सामने आई है इसमें दो व्यस्त तथा एक बच्चा है।

Next Story