
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर World Architecture Day 2026 की पूर्व संध्या पर भव्य आर्किटेक्चर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। द इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स (IIA) छत्तीसगढ़ चैप्टर और रायपुर सेंटर द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का शुभारंभ रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर आर्किटेक्चर के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, युवा आर्किटेक्ट्स और संस्था के पदाधिकारियों की मौजूदगी रही। प्रदर्शनी में युवा आर्किटेक्ट्स और अनुभवी विशेषज्ञों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडल्स और डिजाइन प्रस्तुत किए गए हैं। इनमें आधुनिक शहरी विकास, बेहतर भवन निर्माण, पर्यावरण संरक्षण और नई तकनीकों के इस्तेमाल से संबंधित अवधारणाओं की झलक देखने को मिली। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आर्किटेक्ट्स द्वारा तैयार किए गए मॉडल्स और डिजाइन की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल उसकी इमारतों से नहीं, बल्कि उसके सुनियोजित विकास और सुंदर संरचना से बनती है। शहरों के विकास में आर्किटेक्ट्स की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
नवाचार और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में शहरों के विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। भवन और अधोसंरचना तैयार करते समय आधुनिक तकनीक के साथ प्रकृति के संतुलन को बनाए रखना भी आवश्यक है। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रस्तुत मॉडल्स का जिक्र करते हुए कहा कि युवा आर्किटेक्ट्स और अनुभवी विशेषज्ञों की कल्पनाशीलता तथा नवाचार प्रेरणादायी है। डिजाइन में आधुनिक तकनीक, पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की जरूरतों के बीच संतुलन देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे छत्तीसगढ़ के शहरों को व्यवस्थित और सुंदर स्वरूप देने में वास्तुकला विशेषज्ञों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। बेहतर प्लानिंग के माध्यम से यातायात, सार्वजनिक स्थानों, हरित क्षेत्रों और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सकता है।
युवा आर्किटेक्ट्स की प्रतिभा की सराहना
सांसद ने युवा आर्किटेक्ट्स के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि नई पीढ़ी आधुनिक तकनीक के साथ नई सोच लेकर आगे बढ़ रही है। प्रदर्शनी में प्रस्तुत मॉडल्स और डिजाइन यह दिखाते हैं कि छत्तीसगढ़ में वास्तुकला के क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि भविष्य के शहरों की योजना बनाते समय सुंदरता के साथ उपयोगिता, पर्यावरण और नागरिकों की आवश्यकताओं को भी प्राथमिकता देना जरूरी है। नई तकनीकों का उपयोग शहरों को अधिक सुविधाजनक और टिकाऊ बनाने में मददगार साबित हो सकता है। कार्यक्रम के दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने IIA छत्तीसगढ़ चैप्टर और रायपुर सेंटर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की प्रदर्शनियां युवा आर्किटेक्ट्स को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ नए विचारों को साझा करने का मंच प्रदान करेंगी।
Next Story





