छत्तीसगढ़
जिला अस्पताल के महिला टॉयलेट में मिला नवजात का शव, DNA जांच के लिए भेजा सैंपल
Shantanu Roy
7 Oct 2026 8:56 PM IST

x
छग
Gaurela-Pendra-Marwahi. गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिला अस्पताल परिसर के महिला टॉयलेट में रविवार शाम नवजात शिशु का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव नाल और प्लेसेंटा सहित फ्लश के पास पड़ा मिला। दुर्गंध आने पर वार्ड बॉय ने टॉयलेट की जांच की, जिसके बाद घटना की जानकारी अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सिविल सर्जन डॉ. देवेंद्र पैकरा के अनुसार रविवार शाम महिला टॉयलेट से तेज दुर्गंध आने की जानकारी मिली थी। इसके बाद वार्ड बॉय ने मौके पर जाकर देखा तो फ्लश के पास नवजात का शव पड़ा हुआ था। तत्काल अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद स्थानीय पुलिस को बुलाया गया। सूचना पर गौरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास शुरू किया गया कि नवजात को अस्पताल के टॉयलेट तक कौन लेकर आया और घटना कब हुई। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने डिलीवरी रूम, लेबर वार्ड और भर्ती महिलाओं से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। सिविल सर्जन ने बताया कि अस्पताल में जिन महिलाओं का प्रसव कराया गया है, उनके सभी नवजात सुरक्षित और स्वस्थ हैं। रिकॉर्ड की जांच में मिले तथ्यों के आधार पर अस्पताल के लेबर रूम या भर्ती वार्ड से इस नवजात का सीधा संबंध सामने नहीं आया है। डॉ. पैकरा के मुताबिक अस्पताल के वार्ड संयुक्त व्यवस्था में संचालित होते हैं। ऐसे में किसी महिला का बिना किसी की नजर में आए अस्पताल के भीतर प्रसव होना सामान्य परिस्थितियों में मुश्किल माना जा रहा है। हालांकि घटना की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। प्रथम दृष्टया अस्पताल प्रबंधन ने आशंका जताई है।
किसी बाहरी व्यक्ति ने नवजात को यहां लाकर छोड़ा हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों की जांच की जा रही है। गौरेला थाना प्रभारी शानिप रात्रे ने बताया कि वार्ड बॉय की सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। अज्ञात परिजनों और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए जिला अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। पुलिस विशेष रूप से घटना से पहले के दो से तीन दिनों के फुटेज की जांच कर रही है। अस्पताल परिसर में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों को भी देखा जा रहा है, ताकि किसी संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की जा सके। नवजात के शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ डीएनए सैंपल भी लिया गया है। सैंपल को विधि-विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी जांच से मिले तथ्यों के आधार पर मामले की आगे की दिशा तय होगी। अस्पताल के महिला टॉयलेट में नवजात का शव मिलने की घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप और चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसे अस्पताल परिसर में किसने छोड़ा।
Next Story





