छत्तीसगढ़

रायपुर से घर लौट रहे मजदूर की राजनांदगांव के पास मिली लाश

Nil dhankar
21 July 2026 8:31 AM IST
रायपुर से घर लौट रहे मजदूर की राजनांदगांव के पास मिली लाश
x

राजनांदगांव। रायपुर से अपने गांव लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत के मामले में पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि तेज और लापरवाही से चल रही मोटरसाइकिल की टक्कर से युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना 18 जुलाई की देर रात की है। युवक का शव पूरी रात यूं ही पड़ा रहा। 19 जुलाई की सुबह ढूंढने निकले स्‍वजनों को बरबसपुर पुलिया के पास युवक मृत अवस्‍था में मिला।

पुलिस के अनुसार ग्राम बरबसपुर निवासी 30 वर्षीय रोशन यादव रायपुर में मजदूरी करता था। वह 18 जुलाई को बस से गांव लौट रहा था। रायपुर से रवाना होने से पहले उसने अपने पिता नरोत्तम यादव और भाई गिरवर यादव को फोन कर रात 10 से 11 बजे तक घर पहुंचने की जानकारी दी थी। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर स्‍वजनों ने अगले दिन सुबह उसकी तलाश शुरू की। सुबह करीब पांच बजे बरबसपुर पुल के आगे सड़क पर रोशन यादव का शव मिला। घटनास्थल पर सड़क पर घिसटने और दुर्घटना के निशान भी मिले। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा, पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कार्रवाई के बाद शव स्‍वजनों को सौंप दिया।

मर्ग जांच के दौरान जानकारी मिली कि एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (सीजी 04 एलएन 9512) के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए रोशन यादव को टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जांच में बाइक चालक की लापरवाही प्रथम दृष्टया सामने आने पर पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


Next Story