छत्तीसगढ़

Blinkit का दबाव कर्मचारियों पर पड़ रहा भारी, रायपुर के थाने में शिकायत

Nil dhankar
12 Nov 2025 3:52 PM IST
Blinkit का दबाव कर्मचारियों पर पड़ रहा भारी, रायपुर के थाने में शिकायत
x

रायपुर। राजधानी के सिविल लाइन इलाके में तेज़ डिलीवरी के दबाव को लेकर ऑनलाइन ग्रॉसरी डिलीवरी कंपनी ब्लिंकिट के कर्मचारियों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि कंपनी द्वारा 10 मिनट की डिलीवरी नीति के चलते डिलीवरी पार्टनर्स को सड़क पर तेज़ रफ्तार से गाड़ी चलाने के लिए मजबूर किया जाता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि अगर वे तय समय में ऑर्डर नहीं पहुंचाते, तो उनकी सैलरी में कटौती कर दी जाती है या ऑर्डर कैंसल कर दिया जाता है।

मंगलवार को कई डिलीवरी पार्टनर्स सिविल लाइन थाने पहुंचे और अधिकारियों को बताया कि लगातार दबाव के कारण मानसिक तनाव और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कई बार बारिश या ट्रैफिक की वजह से देर होने पर भी कंपनी उन्हें जिम्मेदार ठहराती है। एक डिलीवरी कर्मी ने बताया कि "अगर ऑर्डर 10 मिनट में नहीं पहुंचा, तो ऐप में पेनाल्टी लग जाती है और हर देरी का असर साप्ताहिक आय पर पड़ता है।"

पुलिस अधिकारियों ने शिकायत दर्ज कर मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि शिकायत में डिलीवरी समय कम करने की मजबूरी और सुरक्षा की अनदेखी जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया गया है। कर्मचारियों ने मांग की है कि कंपनी समय सीमा को बढ़ाए और दुर्घटनाओं से बचाव के लिए उचित दिशानिर्देश जारी करे।


Next Story
null