छत्तीसगढ़

AI से अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेलिंग, गुरुद्वारा रागी पर 20 करोड़ की डिमांड का आरोप

Shantanu Roy
7 April 2026 9:32 PM IST
AI से अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेलिंग, गुरुद्वारा रागी पर 20 करोड़ की डिमांड का आरोप
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में धन-गुरुनानक दरबार के रागी पर गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि आरोपी रागी मनिंदर सिंह ने एआई तकनीक का इस्तेमाल कर महिला और उसकी बेटी की अश्लील तस्वीरें तैयार कीं और उन्हें ब्लैकमेल कर लाखों रुपए वसूले। मामला तब गंभीर रूप ले गया जब आरोपी ने अब 20 करोड़ रुपए की मांग कर दी। जानकारी के अनुसार, आरोपी रागी मनिंदर सिंह ने गुरुद्वारे में आयोजित शबद-कीर्तन के दौरान महिला से पहचान बनाई। वह मूलतः अमृतसर का रहने वाला है। रागी ने महिला और उसकी 18 साल की बेटी को शबद-कीर्तन सिखाने का बहाना बनाकर परिवार के करीब आ गया। इसके बाद उसने परिवार से उधार में पैसे लेने शुरू किए और धीरे-धीरे कर्ज के नाम पर 5-10 हजार रुपए की किस्तें मांगने लगा।

जब परिवार ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने महिला और उसकी बेटी को बदनाम करने की धमकी देना शुरू किया। इस दौरान उसने एआई तकनीक का उपयोग कर अश्लील फोटो और वीडियो बनाए और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। डर के कारण परिवार ने लगभग 20 लाख रुपए किस्तों में आरोपी को दे दिए। मनिंदर सिंह की धमकियों और ब्लैकमेलिंग से डरकर परिवार ने 16 मार्च 2026 की रात अपना घर छोड़कर रायपुर स्थित अपने मायके में शरण ली। हालांकि वहां भी आरोपी ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। आरोपी ने फोन पर बार-बार धमकियां दीं कि वह हथियार लेकर घर आएगा और पूरे परिवार को खत्म कर देगा। एक घटना में पति ने तत्काल 2 लाख रुपए देकर अपनी जान बचाई।

आरोपी की लगातार बढ़ती मांग ने परिवार को मानसिक रूप से तोड़ दिया। परिवार ने मायकेवालों की मदद से तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 308(2), 351(2) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया। घटना के बाद गुरुद्वारा कमेटी ने मनिंदर सिंह को गुरुद्वारे से निकाल दिया। आरोपी अब अमृतसर से फोन कर परिवार को धमकी दे रहा है। बिलासपुर पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस घटना ने एआई तकनीक के दुरुपयोग और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग की गंभीर समस्या को उजागर किया है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि इस तरह की किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत दें।
Next Story