छत्तीसगढ़
पुरानी रंजिश पर मारपीट और तोड़फोड़, दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
Shantanu Roy
3 April 2026 7:17 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। शहर के तारबहार थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट, धमकी और वाहनों में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित ने दो अलग-अलग घटनाओं में अनुराग कश्यप और सुजीत पांडेय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित मजदूरी का काम करता है। उसने बताया कि 2 अप्रैल 2026 की रात करीब 1:30 बजे पुराना बस स्टैंड तारबहार के पास अनुराग कश्यप ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और उसकी एक्टिवा को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना की रिपोर्ट उसी रात थाना तारबहार में दर्ज कराई गई थी।
पीड़ित ने बताया कि उसी रंजिश के चलते अगले दिन सुबह करीब 11 बजे अनुराग कश्यप ने उसे फिर से पुराना बस स्टैंड के पास देखकर गाली-गलौज की और किसी नुकीली वस्तु के साथ जान से मारने की धमकी देते हुए दौड़ाया। पीड़ित वहां से भागकर थाना पहुंच गया। इसके बाद उसकी बहन काजल पांडेय ने फोन कर बताया कि आरोपी घर के पास पहुंचकर हथौड़ी लेकर गाली-गलौज कर रहा है और जबरन घर में घुसकर धमकी दे रहा है। शिकायत के अनुसार आरोपी ने घर के अंदर रखी बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG10BH9686 को हथौड़ी से तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया और धमकी देकर मौके से फरार हो गया। इस घटना को परिवार के सदस्य और आसपास के लोगों ने देखा।
वहीं दूसरी घटना में पीड़ित ने बताया कि रात में हुए विवाद के बाद उसने सुजीत पांडेय के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद सुबह करीब 11:30 बजे जब वह अपनी स्कूटी खड़ी कर घर जा रहा था, तब उसने देखा कि सुजीत पांडेय पाइप से उसकी स्कूटी को तोड़फोड़ कर रहा है। मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और धक्का-मुक्की की। इस दौरान पहले से लगी चोट पर फिर चोट लगने से उसे दर्द हुआ। पीड़ित ने दोनों घटनाओं की रिपोर्ट थाना तारबहार में दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल देखा गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





