
कांकेर। जिले में एक बार फिर धार्मिक स्थल को निशाना बनाए जाने की घटना सामने आई है। अंतागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े तेवड़ा में स्थित शीतला मंदिर में असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाए जाने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना चार दिन पहले हुए एक विवाद से जुड़ी मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि गांव में एक धर्मांतरित बुजुर्ग व्यक्ति के शव को दफनाने को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद के दौरान गांव में स्थित चर्च में भी आगजनी की घटना हुई थी, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई थी। अब शीतला मंदिर में आग लगने की घटना ने इस पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि मंदिर में आगजनी की यह घटना भी उसी विवाद की कड़ी हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि धर्मांतरण से जुड़े कुछ लोगों पर आग लगाने का शक है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।





