माजदा वाहन से मवेशी तस्करी को आरंग पुलिस ने किया फेल, दो गिरफ्तार

आरंग। क्षेत्र में मवेशी तस्करी के अवैध काले कारोबार के खिलाफ आरंग थाना पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी कर एक माजदा वाहन से तस्करी किए जा रहे 19 मवेशियों को मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश और स्थानीय क्षेत्र के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि एक बड़े वाहन में मवेशियों को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने तत्काल हरकत में आते हुए ग्राम गुदगुदा के पास मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर दी।तभी सामने से आ रही संदिग्ध माजदा गाड़ी (वाहन क्रमांक: UP 83 CT 8790) को पुलिस ने रोकने का इशारा किया। पुलिस बल को सामने देखकर वाहन का चालक घबरा गया और गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
जब पुलिस टीम ने लावारिस हालत में छूटे माजदा वाहन की तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देखकर हर कोई दंग रह गया। तस्करों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए वाहन के भीतर 19 मवेशियों को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा था। बेजुबान जानवरों के लिए न तो पैर हिलाने की जगह थी और न ही उनके लिए चारा-पानी की कोई व्यवस्था की गई थी। पुलिस ने तुरंत सभी 19 मवेशियों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें राहत पहुंचाई।





