छत्तीसगढ़

खैरागढ़ विश्वविद्यालय के पेन्टिंग प्रतियोगिता में अंकुश बने निर्णायक

Nil dhankar
15 Oct 2025 12:47 PM IST
खैरागढ़ विश्वविद्यालय के पेन्टिंग प्रतियोगिता में अंकुश बने निर्णायक
x

भिलाई। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद् द्वारा आयोजित विकसित भारत पेन्टिंग प्रतियोगिता में सुप्रसिद्ध मूर्तिकार डॉ.अंकुश देवांगन ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ में चित्रकला विभाग के छात्र छात्राओं ने एक से बढ़कर एक पेन्टिंग का निर्माण किया था।

इस दौरान अन्य निर्णायकों में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चित्रकार हुकुम वर्मा तथा सुनीता वर्मा भी उपस्थित थे वहीं चित्रकला विभाग के विभागाध्यक्ष विकास चंद्र ने निर्णायकों का स्वागत और मार्गदर्शन किया।

ज्ञात हो कि दुनिया की तीसरी आर्थिक शक्ति की ओर बढ़ते भारत में कलाकारों की भूमिका भी अत्यंत ही महत्वपूर्ण है। जिनकी कला से युवाओं और आम जनों में देशभक्ति का संचार होगा। इन्हीं भावनाओं के परितोष स्वरूप संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा देश भर में यह प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है। छत्तीसगढ़ राज्य में यह जिम्मेदारी खैरागढ़ विश्वविद्यालय को दी गई है। ललित कला अकादमी, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ राज्य से प्रथम बोर्ड मेम्बर बने डॉ.अंकुश देवांगन ने प्रतियोगिता का निर्णय करने के बाद भिलाई में अकादमी स्थापना के मद्देनजर विभागाध्यक्ष तथा इतिहास विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर कपिल वर्मा से विस्तृत चर्चा की। इन कलाकारों ने भिलाई को राष्ट्रीय स्तर के कलाकेन्द्र के लिए सबसे उपयुक्त जगह बताया। उन्होंने कहा कि भिलाई में ललित कला और एनएसडी की स्थापना से छत्तीसगढ़ी कला को एक नया आकाश मिलेगा।

Next Story
null