
रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत प्रदेश के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में काम करने वाले संविदा कर्मचारियों की हड़ताल के बाद बड़ा फैसला लिया गया है। उनकी लंबित मांगों को लेकर राज्य स्तरीय 5 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। आज दोपहर 12 बजे राज्य कार्यालय में इस समिति की बैठक होगी। इस बैठक में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों के विभिन्न मांगों को लेकर विस्तृच चर्चा करेगी। साथ ही मांगों के पूरा करने के विषय में आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करेगी।
बता दें कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने समय पर वेतन नहीं मिलने, संविलियन, ग्रेड पेय स्केल निर्धारण, मेडिकल अवकाश समेत अन्य मांगों को लेकर एक मई को तुता धरना स्थल पर आंधी-तूफान और बरसते बारिश के बीच प्रदर्शन के बाद स्वास्थ्य भवन का घेराव किया था।
इसके बाद स्वास्थ्य सचिव और स्वास्थ्य मिशन संचालक सहआयुक्त ने कर्मचारियों ने मांगों के पूरा करने के लिए आश्वासन दिया था। वहीं अब समिति का गठन भी कर दिया गया है। ये समिति कर्मचारियों के वेतनमान और ग्रेड-पे निर्धारण के लिए अन्य राज्यों का अध्ययन कर प्रस्ताव प्रस्तुत करेगी। आज समिति की पहली बैठक राज्य कार्यालय में होगी।





