छत्तीसगढ़

11 वर्षीय नाबालिग की दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपी युवक गिरफ्तार

Shantanu Roy
5 Jan 2026 6:57 PM IST
11 वर्षीय नाबालिग की दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपी युवक गिरफ्तार
x
छग
Narayanpur. नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में 11 वर्षीय नाबालिग बालिका की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गांव के ही 22 वर्षीय युवक ने दुष्कर्म के बाद बालिका की निर्मम हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बालिका के शव को खेत में छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
यह सनसनीखेज मामला नारायणपुर जिले के थाना सोनपुर क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार 11 वर्षीय बालिका 31 दिसंबर को अपने गांव से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो थाने में सूचना दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद 4 जनवरी को गांव के कोसरा खेत में बालिका का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सोनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बालिका के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और इसके बाद धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की गई थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए जांच तेज कर दी। पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुरिया ने स्वयं प्रकरण की समीक्षा करते हुए आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि एक युवक पीड़िता के घर सल्फी पीने के बहाने अक्सर आता-जाता था। इसी आधार पर पुलिस ने संदेह के घेरे में आए युवक को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी अधिक देर तक पुलिस को गुमराह नहीं कर सका और उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
आरोपी की पहचान ग्राम गुनेर निवासी संजू कुमेटी (22 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पीड़िता के घर सल्फी पीने आता था। इसी दौरान उसकी नजर बालिका पर पड़ी और उसकी नीयत बिगड़ गई। 31 दिसंबर को जब बालिका खेत की ओर गई थी, तब उसने उसके अकेलेपन का फायदा उठाकर उसके साथ जबरदस्ती की। आरोपी ने बताया कि घटना के बाद बालिका रोने लगी। पकड़े जाने के डर से उसने पास मौजूद कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को खेत में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।
Next Story