छत्तीसगढ़

महतारी वंदन की 20वीं किस्त ट्रांसफर, अमित शाह ने जगदलपुर में मुख्यमंत्री बस सेवा की शुरुआत की

Nilmani Pal
4 Oct 2025 2:24 PM IST
महतारी वंदन की 20वीं किस्त ट्रांसफर, अमित शाह ने जगदलपुर में मुख्यमंत्री बस सेवा की शुरुआत की
x

जगदलपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज बस्तर दौरे पर हैं। शाह लालबाग मैदान में सभा को संबोधित कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री बस सेवा की शुरुआत की। 250 गांव कवर होंगे। इसके लिए 34 रूट का चयन किया गया है। इससे पहले शाह ने सिरहासार भवन में बस्तर दशहरा के अंतर्गत आयोजित मुरिया दरबार की पारंपरिक रस्म निभाई।

यहां वे मंत्री मांझी, चालकी, मेंबर और मेंबरीन समुदायों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर और उनकी समस्याएं सुनीं। बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचंद भंजदेव के अनुसार, अमित शाह देश के पहले ऐसे गृहमंत्री हैं, जो मुरिया दरबार में शामिल हुए। अब तक इस रस्म में केवल राज्य के मुख्यमंत्री ही शामिल होते थे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुरिया दरबार में मांझी, चालकी, मेंबर और मेंबरीन समुदायों के प्रतिनिधियों से बातचीत की। उन्होंने नक्सलवाद को समाप्त करने की जिम्मेदारी उठाई है और विश्वास जताया कि आगामी छह महीनों में इसे पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस मुस्तैदी से हमारे सुरक्षा बल लड़ रहे हैं और जिस तरह कई बड़े नक्सली मारे गए हैं, उससे साफ है कि अब बस्तर में विकास की गंगा बहेगी।

उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 70 लाख महिलाओं के खातों में 606 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई है। साथ ही मुख्यमंत्री बस योजना के अंतर्गत 34 रूटों का चयन किया गया है। यदि इस योजना में किसी को लाभ की कमी महसूस होती है तो उसकी भरपाई सरकार द्वारा की जाएगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जगदलपुर में महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त के तहत 606.94 करोड़ की राशि 64.94 लाख महिलाओं के खातों में ट्रांसफर किया। यह योजना 1 मार्च 2024 से शुरू हुई थी, जिसमें हर विवाहित महिला को 1,000 प्रति माह मिलते हैं। अब तक महिलाओं को कुल 12,983.13 करोड़ की सहायता मिल चुकी है।

Next Story
null