
कटघोरा. कटघोरा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 130 पर तानाखार इलाके में एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां डीजल टैंकर और ऑल्टो कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में दाखिल कराया गया है.
मृतक की पहचान सूरजपुर निवासी अजहर शेख पिता अमानुल्लाह खान के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि ऑल्टो कार में कुल पांच लोग सवार थे, जो सूरजपुर से कटघोरा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी कार सामने से आ रहे डीजल टैंकर से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे में घायल चार लोगों को गंभीर अवस्था में तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है. प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया है. दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे 130 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था को बहाल कराया. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. इस दर्दनाक सड़क हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है.





