छत्तीसगढ़

शादी का भरोसा देकर संबंध बनाने का आरोप, हाईकोर्ट से जमानत खारिज

Shantanu Roy
29 Nov 2026 4:04 PM IST
शादी का भरोसा देकर संबंध बनाने का आरोप, हाईकोर्ट से जमानत खारिज
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती और प्रेम संबंध के बाद शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में विवाह से मुकरने के आरोप का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मध्यप्रदेश के लखनादौन निवासी सौरभ कुमार जैन पर लगे आरोपों के बीच पीड़िता ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। महिला का दावा है कि हाई कोर्ट से आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो चुकी है, इसके बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस की कार्यप्रणाली से निराश पीड़िता शनिवार को बिलासपुर प्रेस क्लब पहुंची और अपनी आपबीती सुनाते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान, दोस्ती बदली प्रेम संबंध में
पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2023 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से सौरभ कुमार जैन से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत होती थी। धीरे-धीरे यह बातचीत दोस्ती में बदली और फिर दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे शादी करने और उसके बच्चों को भी अपनाने का भरोसा दिलाया था। इसी भरोसे के आधार पर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2024 में सौरभ बिलासपुर आया था। इस दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने और बाद में वे पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे।

परिवार के साथ गोवा, रायपुर और नागपुर घूमने का दावा
पीड़िता ने बताया कि आरोपी के साथ उसका रिश्ता केवल निजी मुलाकातों तक सीमित नहीं था। दोनों परिवार के साथ गोवा, रायपुर और नागपुर सहित कई स्थानों पर घूमने भी गए थे। गणेश चतुर्थी के अवसर पर आरोपी ने उसके परिवार के साथ मिलकर पूजा-पाठ भी किया था। महिला का कहना है कि इन घटनाओं से उसे विश्वास हो गया था कि आरोपी वास्तव में उससे विवाह करना चाहता है और उसके बच्चों को भी अपना परिवार मानेगा। लेकिन समय बीतने के बाद आरोपी ने शादी की बात से कथित तौर पर दूरी बनानी शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि अंततः वह विवाह के वादे से मुकर गया।

FIR के बाद लखनऊ गई थी पुलिस की टीम
पीड़िता के अनुसार, मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस की एक टीम आरोपी की तलाश में लखनऊ गई थी, लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका। महिला का दावा है कि आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका हाई कोर्ट से खारिज हो चुकी है। इसके बावजूद अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी के तीन मोबाइल नंबर सक्रिय हैं और उनकी लोकेशन लखनऊ में मिल रही है। ऐसे में उसने सवाल उठाया कि जब आरोपी की लोकेशन मिलने की जानकारी है तो उसकी गिरफ्तारी में देरी क्यों हो रही है।

फोन कॉल और मैसेज से धमकी मिलने का आरोप
पीड़िता ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद उसे फोन कॉल और मैसेज के माध्यम से धमकियां मिलने लगीं। महिला के अनुसार, इसकी जानकारी भी उसने पुलिस अधिकारियों को दी है। वह अपनी सुरक्षा और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रही है।

थाना प्रभारी से लेकर SSP तक लगा चुकी है गुहार
पीड़िता का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और न्याय के लिए वह थाना प्रभारी, सीएसपी और एसएसपी सहित
वरिष्ठ अधिकारियों
से कई बार मुलाकात कर चुकी है। हर बार उसे कार्रवाई का आश्वासन मिला, लेकिन अब तक उसे अपेक्षित परिणाम नहीं दिखाई दिया। शनिवार को बिलासपुर प्रेस क्लब पहुंचकर उसने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा और पुलिस प्रशासन से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। उसका कहना है कि न्याय पाने के लिए उसे लगातार थानों और अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
Next Story