छत्तीसगढ़

कोरबा कोल खदान में हादसा, डंपर पलटने से ऑपरेटर घायल

Nilmani Pal
24 May 2026 1:14 PM IST
कोरबा कोल खदान में हादसा, डंपर पलटने से ऑपरेटर घायल
x

कोरबा। रविवार सुबह को एसईसीएल की कुसमुंडा मेगा परियोजना में एक बड़ा हादसा हो गया। कोयला फेस में डंपिंग के लिए गया 60 टन वजनी डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में डंपर ऑपरेटर राघवेंद्र घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, ऑपरेटर राघवेंद्र डंपर लेकर कोयला फेस में डंपिंग करने गए थे। इसी दौरान डंपर का संतुलन बिगड़ गया और वह कोयला फेस से फिसलकर नीचे जा गिरा। बताया जा रहा है कि डंपर वाहन ऊपर से स्लाइड होते हुए तीन पलटी खाकर नीचे गिरा और फिर सीधा हो गया।

हादसे के वक्त ऑपरेटर राघवेंद्र ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई, हालांकि उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही खदान में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में कर्मचारी मौके पर जमा हो गए। संबंधित विभाग के अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। डंपर को भारी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से सीधा किया गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त आसपास कोई अन्य वाहन या कर्मचारी मौजूद नहीं थे, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। कर्मचारियों का आरोप है कि खदान में सुरक्षा के नाम पर केवल औपचारिकताएं निभाई जा रही हैं।

Next Story