छत्तीसगढ़

स्वास्थ्य केन्द्र में हादसा, छत का प्लास्टर गिरा

Nilmani Pal
26 March 2026 10:31 AM IST
स्वास्थ्य केन्द्र में हादसा, छत का प्लास्टर गिरा
x

कोरबा। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हरदीबाजार एसईसीएल दीपका खदान के मुहाने पर जा पहुंचा है। खदान में हो रहे उत्खनन कार्य के कारण अस्पताल की दीवारों में दरारें आ चुकी हैं। छत का प्लास्टर गिर रहा है। बुधवार को भी ऐसी ही घटना सामने आई, जब हैवी ब्लास्टिंग से प्रसुति वार्ड की छत का प्लास्टर भरभराकर गिर गया। घटना में अस्पताल के स्टाफ बाल बाल बच गए।

ग्रामीणों ने बताया कि एसईसीएल दीपका खदान से लगातार कोयला उत्पादन को विस्तार दिया जा रहा है। जिसके कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हरदीबाजार एसईसीएल दीपका खदान के लगभग 30 मीटर मुहाने पर पहुंच चुका है। जिसके कारण अस्पताल के स्टाफ व इलाज कराने आने वाले मरीजों में दहशत बनी रहती है। खदान में हो रहे हैवी ब्लास्टिंग के कारण स्वास्थ्य केन्द्र भवन के चारों ओर दरारें आ चुकी हैं। वहीं अस्पताल में पेयजल की समस्या भी निर्मित हो रही है। बुधवार की दोपहर पुनः अस्पताल के प्रसुति वार्ड के छत का प्लास्टर भरभराकर गिर गया।

बताया जा रहा है कि जिस दौरान घटना हुई, उस समय वार्ड के नर्स व अन्य स्टाफ वहां मौजूद थे, जो चपेट में आने से बाल बाल बच गए। इस संबंध में बार बार उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या निजात को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। हैवी ब्लास्टिंग के चलते प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का भवन में कार्य करना खतरे से खाली नहीं है। पानी के लिए भी स्टाफ व मरीजों को तरसना पड़ रहा है। खदान की वजह से भूजल स्तर गिर चुका है। बोर से पानी भी नहीं निकलता है।

Next Story