छत्तीसगढ़
चाइल्ड पोर्नोग्राफी केस का फरार आरोपी बिहार से गिरफ्तार
Shantanu Roy
29 Sept 2026 3:04 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत पुसौर पुलिस ने चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़े मामले में फरार आरोपी को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद जुबैर आलम, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम सुमेरा, थाना कुढ़नी, जिला मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त Vivo कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री देखने, अपलोड करने या साझा करने के मामलों में साइबर निगरानी के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर के माध्यम से प्राप्त साइबर टिप लाइन की जानकारी एसपी कार्यालय रायगढ़ पहुंची थी।
प्रकरण की जांच के लिए सूचना थाना पुसौर को भेजी गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 25 मार्च 2026 को पुसौर थाना क्षेत्र के लारा NTPC इलाके से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो देखा और अपलोड किया गया था। जांच में वीडियो को चाइल्ड पोर्नोग्राफी की श्रेणी में पाए जाने के बाद पुसौर पुलिस ने 25 अगस्त 2026 को अपराध क्रमांक 200/2026 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 294 और आईटी एक्ट की धारा 67(B) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। इसके बाद संबंधित मोबाइल नंबर, तकनीकी विवरण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की गई।
तकनीकी जांच में संबंधित मोबाइल नंबर के बिहार के मुजफ्फरपुर क्षेत्र में सक्रिय होने की जानकारी मिली। इसके बाद थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार रवाना की गई। पुलिस ने तकनीकी जानकारी के आधार पर ग्राम सुमेरा, थाना कुढ़नी से आरोपी मोहम्मद जुबैर आलम को हिरासत में लिया। आरोपी को रायगढ़ लाकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि वह पिछले वर्ष पुसौर थाना क्षेत्र के लारा NTPC में एक ठेकेदार के अधीन पोकलेन मशीन चलाने का काम करता था। इसी दौरान संबंधित घटना हुई थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से Vivo कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है।
उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया और इंटरनेट पर बच्चों से संबंधित अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार, अपलोड और शेयरिंग से जुड़े मामलों में साइबर सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के तकनीकी परीक्षण के माध्यम से आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जा रही है। पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन सिंह गौर, प्रधान आरक्षक बसंत पाण्डेय और आरक्षक धनुर्जय बेहरा की टीम ने की। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री का ऑनलाइन प्रसार गंभीर साइबर अपराध है। ऐसे मामलों में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस साइबर अपराधों की रोकथाम और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चला रही है।
Next Story





