छत्तीसगढ़

मोबाइल टावर से बैटरी चोरी का फरार आरोपी गिरफ्तार, 2 बैटरियां बरामद

Shantanu Roy
7 Oct 2026 7:45 PM IST
मोबाइल टावर से बैटरी चोरी का फरार आरोपी गिरफ्तार, 2 बैटरियां बरामद
x
छग
Raigarh. रायगढ़। तमनार थाना पुलिस ने मोबाइल टावर से बैटरी चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी हेमंत राठिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की गई दो एक्साइड बैटरियां बरामद की हैं। मामले में उसके साथी रजनीकांत सिदार को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से चोरी की गई सभी छह बैटरियां बरामद कर ली गई हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 सितंबर 2026 को चन्द्रसेन कुर्रे ने तमनार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि इंदिरानगर पेट्रोल पंप के सामने स्थित थर्मल पावर प्लांट तमनार के मोबाइल टावर का निरीक्षण करने पर सेल्टर का ताला टूटा हुआ मिला। जांच करने पर अंदर रखी छह एक्साइड बैटरियां गायब थीं।

चोरी की गई बैटरियों की कुल कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई। शिकायत के आधार पर तमनार थाने में अपराध क्रमांक 250/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4), 305 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदेहियों की तलाश शुरू की। दूसरे ही दिन पुलिस ने रजनीकांत सिदार को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी हेमंत राठिया के साथ मिलकर मोबाइल टावर के सेल्टर का ताला लोहे की रॉड से तोड़कर बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार रजनीकांत सिदार की निशानदेही पर इंदिरानगर भट्ठी के सामने अमरैया के झुरमुट में छिपाकर रखी गई चार एक्साइड बैटरियां बरामद की गईं। इनकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई। बरामदगी के बाद रजनीकांत सिदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मामले में दूसरा आरोपी हेमंत राठिया घटना के बाद से फरार था। तमनार पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। पुलिस टीम ने 7 अक्टूबर को हेमंत राठिया, उम्र 25 वर्ष, निवासी बासनपाली को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में हेमंत ने भी रजनीकांत के साथ मिलकर मोबाइल टावर से बैटरियां चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर दो एक्साइड बैटरियां बरामद की गईं। इनकी कीमत करीब 10 हजार रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों से कुल छह एक्साइड बैटरियां बरामद होने के बाद पुलिस ने चोरी की पूरी सामग्री बरामद कर लिए जाने की जानकारी दी है। आरोपी हेमंत राठिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। तमनार पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
Next Story