छत्तीसगढ़

अपह्त बच्ची का रेस्क्यू, बस्तर पुलिस की मेहनत रंग लाई

Nil dhankar
26 July 2026 5:36 PM IST
अपह्त बच्ची का रेस्क्यू, बस्तर पुलिस की मेहनत रंग लाई
x
छग

जगदलपुर। संजय बाजार इलाके से अगवा हुई 4 साल की मासूम बच्ची को बस्तर पुलिस ने सिर्फ 16 घंटे में सुरक्षित खोज लिया। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को उसके रिश्तेदारों के हवाले कर दिया। बच्ची के अगवा होने की खबर मिलते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। टीम बनाकर अलग-अलग जगहों पर तलाश शुरू की गई।

जानकारी के अनुसार, देर शाम बच्ची के लापता होने के बाद रिश्तेदारों ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने बाजार और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। साथ ही जिले के सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट कर गांवों और बस्तियों में सर्च अभियान चलाया गया। पूरी रात चली तलाश के दौरान पुलिस को CCTV फुटेज में एक युवक बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर पता चला कि युवक बच्ची को लेकर नगरनार की दिशा में गया है।

इसके बाद सिटी कोतवाली और ब्लैक पैंथर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सुरागों के आधार पर तलाश तेज की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने अगवा हुई बच्ची को मार्केल क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया। बच्ची एक आंगनबाड़ी केंद्र के बाहर खेलती हुई मिली। पुलिस के मुताबिक, अपहरण करने वाला आरोपी युवक मौके से फरार हो गया है। उसकी पहचान कर की गई है और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि आरोपी पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है।

CSP सुमीत कुमार धोत्रे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की अलग-अलग टीमों को सक्रिय किया गया था। CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Next Story