ट्रेन से एक राज्य से दूसरा राज्य शराब सप्लाई करता था युवक, राजनांदगांव में गिरफ्तार

राजनांदगांव। 4 लाख रुपए की ब्रांडेड शराब के साथ पकड़े गए आरोपी जितेंद्र साहू को आबकारी विभाग ने जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई नीलगिरी पार्क के अपार्टमेंट, स्पर्श चाइल्ड हॉस्पिटल के पास की गई थी। आबकारी अधिकारियों ने आरोपी से लंबी पूछताछ की और उसका मोबाइल भी जब्त कर लिया है।
पूछताछ के दौरान जितेंद्र साहू ने बताया कि वह जब्त शराब नागपुर की दो अलग-अलग दुकानों से खरीदता था। वह नागपुर जाकर अपने बैग में बोतलें रखकर ट्रेन से राजनांदगांव आता था। आरोपी ने दावा किया कि इस दौरान उसे कभी भी पुलिस जांच का सामना नहीं करना पड़ा, जिससे वह आसानी से शराब शहर में लाता था और फिर ग्राहकों को डिलीवरी करता था। सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी ने बताया कि आरोपी के सभी ग्राहक कॉल पर ऑर्डर देते थे, जिसके बाद उन्हें शराब की डिलीवरी की जाती थी। इतनी बड़ी मात्रा में प्रीमियम शराब को ट्रेन से लाना विभाग के लिए संदिग्ध है। विभाग अब किसी बड़े तस्कर की तलाश में है, जो महाराष्ट्र से शहर में शराब की आपूर्ति कर रहा था।
मामले की जांच के लिए आबकारी विभाग ने पुलिस को भी पत्र लिखा है। अब पुलिस भी इस मामले की जांच करेगी। सहायक आयुक्त ने बताया कि जितेंद्र के मोबाइल से कुछ वॉट्सऐप चैट और ग्राहकों की सूची मिली है। इन चैट्स में शराब की मांग और डिलीवरी से संबंधित बातें दर्ज हैं। आबकारी और पुलिस दोनों इन इनपुट्स के आधार पर आगे की जांच करेंगे।





