
दंतेवाड़ा। शहर में एक सैलून के भीतर 24 वर्षीय युवक की अचानक मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। यह पूरी घटना सैलून में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शिवा (24 वर्ष) निवासी प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक सैलून में मौजूद था, तभी उसे अचानक चक्कर आया और वह जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।





