छत्तीसगढ़

डांटने वाली महिला का युवक ने किया मर्डर, गुस्से में कुल्हाड़ी मारा

Nilmani Pal
27 July 2025 5:35 PM IST
डांटने वाली महिला का युवक ने किया मर्डर, गुस्से में कुल्हाड़ी मारा
x
छग

रायगढ़। जिले में बेटी से छेड़छाड़ का मां ने विरोध कर डांट लगाई, तो नाराज युवक ने महिला की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। हमले में महिला के गले और चेहरे पर गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। दरअसल, नवागांव धौंराडांड निवासी कृष्णा राउत (47) ने लैलूंगा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी बेटी की शादी तमनार के कुरूशलेंगा गांव में हुई है। करीब 20 दिन पहले वो अपने पति के साथ रथ उत्सव देखने मायके आई थी।

इसी दौरान गांव के ही युवक लुकेश्वर यादव (21) ने बेटी के साथ छेड़छाड़ की थी। यह बात जब उसकी मां रेखा राउत को पता चली तो उसने लुकेश्वर को फटकार लगाई और उसके परिवार से शिकायत भी की। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच आपसी सुलह हो गया था। लुकेश्वर के पिता ने माफी भी मांगी थी। पुलिस के अनुसार, लुकेश्वर यादव उस डांट फटकार से नाराज था। मन में बदले की भावना रखे हुए था। शुक्रवार शाम (25 जुलाई) को रेखा राउत उपरपारा से घर लौट रही थीं, तभी लुकेश्वर ने रास्ते में उसे रोककर कुल्हाड़ी से गले और चेहरे पर वार कर दिया। खून से लथपथ रेखा मौके पर ही गिर पड़ीं और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।

इस मामले में डीएसपी सुशांत बनर्जी ने बताया कि, शिकायत के बाद पुलिस ने रविवार को आरोपी लुकेश्वर यादव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस टीम अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


Next Story
null