छत्तीसगढ़
लालपुर भट्टी में गोवा गोल्डन शराब के पव्वे में निकला कीड़ा, ग्राहकों में गुस्सा
Shantanu Roy
9 July 2025 10:11 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के लालपुर भट्टी स्थित देशी शराब दुकान से खरीदी गई गोवा गोल्डन ब्रांड की शराब के पव्वे में कीड़ा निकलने का मामला सामने आया है। यह खबर फैलते ही ग्राहकों में भारी नाराजगी देखी गई। दुकान के बाहर लोगों ने हंगामा भी किया और शराब की गुणवत्ता और सुरक्षा पर सवाल उठाए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ग्राहक ने शराब का पव्वा खरीदने के बाद जब उसे खोलने की कोशिश की तो बोतल के भीतर साफ तौर पर एक कीड़ा तैरता नजर आया। इसके बाद अन्य ग्राहकों ने भी कुछ और पव्वों की जांच की, जिसमें दो अन्य बोतलों में गंदगी और संदिग्ध कण पाए गए।
जिम्मेदारों पर सवाल
इस घटना से यह स्पष्ट होता है कि शराब की पैकिंग और गुणवत्ता जांच प्रक्रिया में भारी लापरवाही बरती जा रही है। ग्राहकों का कहना है कि लाखों रुपए का शराब कारोबार करने वाली दुकान में अगर इस तरह की लापरवाही सामने आएगी, तो यह सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।
जांच की मांग
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आबकारी विभाग से तत्काल जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं अब तक दुकान संचालकों या विभागीय अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Next Story





