गरुड़ जैसा दिखने वाला सफेद उल्लू घर में घुसा, पूजा-पाठ शुरू

बेमेतरा। एक सफेद उल्लू को भगवान विष्णु का वाहन गरुड़ मानकर ग्रामीण वासियों के उसकी पूजा करने का मामला सामने आया है. बेरला ब्लॉक के खमरिया गांव में उस वक्त हलचल मच गई, जब एक किसान के फार्म हाउस में अनोखी प्रजाति का एक सफेद पक्षी देखा गया. यह पक्षी पूरी तरह से सफेद था, जिसे लोगों ने तुरंत 'गरुड़' (हालांकि, यह एक उल्लू प्रजाति का पक्षी है) मानकर उसकी पूजा शुरू कर दी.
फार्म हाउस में सफेद पक्षी के दिखने की खबर जंगल की आग की तरह पूरे गांव में फैल गई. इसके बाद, बड़ी संख्या में ग्रामीण उस किसान के फार्म हाउस पर पहुंचने लगे. ग्रामीणों के लिए यह पक्षी केवल एक सामान्य जीव नहीं, बल्कि साक्षात् दैवीय रूप बन गया. देखते ही देखते, लोगों ने पक्षी के सामने भजन-कीर्तन शुरू कर दिया और पूजा-पाठ में जुट गए.
कई लोगों ने फूल चढ़ाए. कुछ ग्रामीणों ने तो नारियल तक पक्षी के ऊपर चढ़ाने शुरू कर दिए. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्रामीण पूरे भक्तिभाव से पक्षी की पूजा करते दिख रहे हैं.





