छत्तीसगढ़

नन्हा तेंदुआ गांव के करीब पहुंचा, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

Nil dhankar
5 Feb 2026 5:21 PM IST
नन्हा तेंदुआ गांव के करीब पहुंचा, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
x

धमतरी। जिले के सिहावा नगरी वनांचल क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ग्रामीणों ने खेतों के बीच एक तेंदुए के शावक को घूमते देखा। कुछ ही देर में गांव के लोग बड़ी संख्या में वहाँ पहुँच गए, जिसके बाद वन विभाग को इसकी सूचना दी गई।

बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र के छिपली पारा गांव में ग्रामीणों की नजर अचानक खेतों में घूम रहे तेंदुए के शावक पर पड़ी। लगभग 5-6 माह का यह नन्हा वन्यप्राणी घने जंगल से भटककर राजस्व क्षेत्र तक पहुँच गया था। उसे देखने के लिए भीड़ जुटने लगी, जिससे इलाके में हलचल और भय का माहौल बन गया।

ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने भीड़ को पीछे हटाया और पूरी सावधानी के साथ शावक को पकड़कर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद वन विभाग के वाहन से उसे नगरी स्थित पशु चिकित्सालय ले जाकर प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। परीक्षण के दौरान शावक पानी में भीगा हुआ पाया गया, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वह जंगल के किसी जलस्रोत या नाले के पास से भटक गया होगा। जांच में उसकी स्थिति सामान्य पाई गई। प्राथमिक उपचार के बाद वन विभाग ने उसे नया रायपुर स्थित जंगल सफारी भेज दिया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है।


Next Story
null