छत्तीसगढ़

बोरियाखुर्द में भक्ति, संस्कृति और समरसता का अद्भुत संगम, भव्यता के साथ संपन्न हुआ रावण दहन उत्सव

Shantanu Roy
20 Oct 2026 9:21 PM IST
बोरियाखुर्द में भक्ति, संस्कृति और समरसता का अद्भुत संगम, भव्यता के साथ संपन्न हुआ रावण दहन उत्सव
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के बोरियाखुर्द स्थित खेल मैदान में दशहरा सांस्कृतिक महोत्सव समिति एवं नगरवासियों के संयुक्त सहयोग से पंचम वर्ष भव्य दशहरा सांस्कृतिक महोत्सव एवं रावण दहन कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन संपन्न हुआ। आयोजन में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और मनोरंजन के विहंगम दृश्य देखने को मिले। महोत्सव का मुख्य आकर्षण 45 फीट ऊंचे विशालकाय रावण तथा 30-30 फीट के कुंभकर्ण व मेघनाथ के पुतलों का दहन रहा। पुतला दहन के दौरान मैदान में उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारे लगाए, जिसके बाद मनमोहक आतिशबाजी ने पूरे मैदान को जगमगा दिया।
दिनभर चले इस आयोजन की शुरुआत सुबह बच्चों और युवाओं के उत्साहवर्धक 'पतंग उत्सव' के साथ हुई। इसके पश्चात दोपहर में युवाओं और बच्चों द्वारा योग प्रदर्शन व सांस्कृतिक नृत्यों की सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं। शाम ढलते ही भगवान श्रीराम एवं माता सीता की भव्य आरती-पूजन और दीप प्रज्वलन कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किया गया। तत्पश्चात स्थानीय कलाकारों द्वारा मनमोहक रामलीला का मंचन किया गया, जिसे उपस्थित जनसमुदाय ने भावविभोर होकर देखा। रावण दहन के उपरांत रात्रि में बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से पधारे सुप्रसिद्ध भजन सम्राट सन्नी अलबेला एवं उनकी टीम ने संगीतमय भजन संध्या और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिस पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबते रहे।
कार्यक्रम के दौरान दशहरा सांस्कृतिक महोत्सव समिति के अध्यक्ष गजेंद्र तिवारी ने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की बधाई देते हुए युवाओं के नाम एक विशेष संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रावण दहन केवल एक परंपरा या पुतला जलाने का उत्सव नहीं है, बल्कि यह हमारे भीतर छिपी बुराइयों, अहंकार, आलस्य और असत्य को समाप्त करने का प्रतीक है। आज के आधुनिक युग में युवाओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। युवा शक्ति समाज और देश की रीढ़ होती है; यदि हमारी युवा पीढ़ी सत्य, धर्म और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चले, तो एक सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है। दशहरा पर्व हमें यही सिखाता है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन हों, अंततः विजय हमेशा सत्य और अच्छाई की ही होती है। युवाओं को अपने भीतर की कमियों को त्यागकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
इस भव्य महोत्सव में मुख्य अतिथि सांसद रायपुर - बृजमोहन अग्रवाल, विधायक रायपुर ग्रामीण - मोतीलाल साहू, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ सीजीआईडीसीएल राजीव अग्रवाल, अध्यक्ष आरडीए नंद कुमार साहू थे एवं विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष - संदीप यदु, वार्ड पार्षद - सुषमा तिलक साहू, पूर्व पार्षद - उमा चंद्रहास निर्मलकर, सरपंच - तिलेश्वरी जितेन्द्र धुरंधर, एल्डरमेन - ऋषि साहू, समाजसेवी - मोहन लाल साहू, महामंत्री (कांग्रेस) सुरेश धीवर, विनय साहू, गौरीशंकर गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समिति के पदाधिकारी एवं भारी संख्या में क्षेत्रवासी सपरिवार उपस्थित रहे। आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष गजेंद्र तिवारी के साथ लच्छूराम निषाद, गोपाल साहू, रमेश नंदे, रुद्रकुमार साहू, द्विजराम साहू, कोमल साहू, रामजी साहू, जे. के. विश्वकर्मा, रोशनलाल साहू, फलेश्वर साहू, मनोज साहू, जगदीश सोनी, दूज राम साहू, हृदयराम कोशले, सातपुते, ठाकुरराम, जानूराम साहू, विजय वर्मा सहित समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों का विशेष व सराहनीय सहयोग रहा।
Next Story