डोली बनाकर गर्भवती महिला को नदी पार कराया, 102 टीम की तारीफ

बस्तर। जिले के ब्लॉक बास्तानार से एक वीडियो सामने आई है, जहां एक गर्भवती को लेने के लिए 102 महतारी एक्सप्रेस के कर्मी बहती नदी को पार कर पहुंचे। एक डोली बनाकर गर्भवती को उसमें बैठाकर वापस उसी नदी को पार कर एम्बुलेंस तक पहुँचे। अस्पताल में उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। परिजनों के आँखों में खुशी के आंसू झलक उठे और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया।
मंगलवार 5 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे बस्तर जिले के बास्तानार ब्लॉक के गाँव बड़े बोदेनार की गर्भवती लच्छो के प्रसव को लेकर परिजनों ने 102 महतारी एक्सप्रेस से मदद की गुहार लगाई। एम्बुलेंस चालक उमेश वेट्टी कर्मियों संग बड़े बोदेनार के लिए रवाना हुआ, गाँव पहुँचने से पहले एक उफानती नदी को पार करना था।
102 महतारी एम्बुलेंस वाहन चालक व कर्मचारियों ने बिना देर किए उफनती नदी को पार कर महिला के पास पहुँचे, जहाँ परिजनों की मदद से वाहन चालक ने एक डोली बनाकर महिला को उसमें बैठाकर वापस उसी नदी को पार कर एम्बुलेंस तक पहुँचे। ग्रामीणों ने इसका वीडियो भी बनाया, जहाँ उसे शेयर भी किया गया। एम्बुलेंस चालक ने गर्भवती को सुरक्षित रूप से सीएचसी बड़ेकिलेपाल पहुँचाया। लच्छो को समय पर स्वास्थ्य लाभ मिलने पर सीएचसी बड़ेकिलेपाल में उसने 3 किलो की एक बच्ची को को जन्म दिया। इस खुशी के मौके पर परिजनों ने 102 महतारी एक्सप्रेस के कर्मचारियों को धन्यवाद भी दिया।





