छत्तीसगढ़

कारोबारी की हत्या करने पहुंचा था बदमाश, चाकू निकाला और फिर...

Nil dhankar
26 July 2026 5:28 PM IST
कारोबारी की हत्या करने पहुंचा था बदमाश, चाकू निकाला और फिर...
x

रायपुर। उधारी के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में कारोबारी के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी विवाद करता नजर आ रहा है।

पीड़ित की पहचान मोहम्मद समीर खान और आरोपी की पहचान सोहेल खान के रूप में हुई है। कारोबारी ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। समीर खान का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी को थाने बुलाकर केवल मारपीट के मामले में कार्रवाई की और मुचलके पर छोड़ दिया। उनका कहना है कि आरोपी अब भी हथियार लेकर घूम रहा है और उन्हें नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहा है। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का मामला है। पुलिस में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, पीड़ित मोहम्मद समीर खान नवापारा इलाके का रहने वाला है और बकरी खरीद-बिक्री का काम करता है।

शिकायत के अनुसार, 24 जुलाई की सुबह करीब 9:45 बजे उधारी के पैसे मांगने को लेकर उसका आरोपी सोहेल खान से विवाद हो गया। समीर का आरोप है कि पैसों की बात पर सोहेल खान गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी दी, चाकू से हमला करने की बात कही और डंडे से मारपीट की। इस हमले में समीर के गर्दन, पीठ और दोनों हाथों में चोटें आई हैं। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान हरीश निषाद समेत आसपास मौजूद लोगों ने विवाद और मारपीट होते देखी। समीर ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने शिकायत और वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Next Story