छत्तीसगढ़
श्रमिक की बेटी अब रायपुर के कांगेर वैली स्कूल में करेगी पढ़ाई
Shantanu Roy
8 Sept 2026 9:03 PM IST

x
छग
Mahasamund. महासमुंद। मेहनत करने वाले श्रमिक परिवारों के बच्चों के सपनों को पंख देने के लिए संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना अब उनके भविष्य को नई दिशा दे रही है। इसी योजना के तहत महासमुन्द जिले के विकासखंड बागबाहरा के ग्राम फुलवारी निवासी पूनम कुमार यादव की बेटी प्रियांशी यादव का चयन राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित कांगेर वैली स्कूल में हुआ है। वह कक्षा 6वीं से 12वीं तक वहां निःशुल्क शिक्षा प्राप्त करेगी। बेटी के चयन से परिवार में खुशी का माहौल है। पूनम कुमार यादव ने कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि उनकी बेटी इतने प्रतिष्ठित और महंगे स्कूल में पढ़ाई कर सकेगी। उन्होंने कहा कि अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना उनके जैसे श्रमिक परिवारों के लिए उम्मीद और अवसर लेकर आई है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार श्रमिकों के साथ-साथ उनके बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए भी अवसर उपलब्ध करा रही है।
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत पात्र श्रमिकों के बच्चों को श्रेष्ठ निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं में प्रवेश दिलाकर गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य आर्थिक परिस्थितियों के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित रह जाने वाले बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना और उन्हें विकास के समान अवसर प्रदान करना है। महासमुन्द जिले की पूनम कुमार यादव की बेटी का चयन इसी दिशा में एक प्रेरणादायी उदाहरण है, जहां श्रमिक परिवार की बेटी अब बेहतर शिक्षा के जरिए अपने सपनों को नई उड़ान देने की तैयारी कर रही है।
Next Story





