छत्तीसगढ़

15-16 फरवरी को लगेगा विशाल रोजगार मेला, युवाओं को सुनहरा मौका

Nil dhankar
4 Feb 2026 3:14 PM IST
15-16 फरवरी को लगेगा विशाल रोजगार मेला, युवाओं को सुनहरा मौका
x

जगदलपुर। बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलने जा रहे हैं। संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में आगामी 15 एवं 16 फरवरी को एक विशाल संभाग स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इस महत्वपूर्ण आयोजन का उद्देश्य निजी क्षेत्र की कंपनियों और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को एक मंच पर लाना है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, जगदलपुर ने निजी क्षेत्र की ऐसी सभी संस्थाओं और नियोक्ताओं को इस मेले में शामिल होने का आमंत्रण दिया है, जो अपनी संस्था में रिक्त पदों की पूर्ति करना चाहते हैं।

विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह मेला नियोजकों के लिए पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इस मेले में भाग लेने और अपनी रिक्तियों को भरने के इच्छुक नियोजकों को रिक्त पदों की अधिसूचना निर्धारित प्रपत्र में भरकर आगामी 08 फरवरी तक अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी। सुविधा की दृष्टि से विभाग ने आवेदन के कई विकल्प उपलब्ध कराए हैं। नियोक्ता अपनी जानकारी जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र जगदलपुर में व्यक्तिगत रूप से अथवा डाक द्वारा भेज सकते हैं। इसके अलावा, डिजिटल माध्यम से ई-मेल आईडी[email protected]या विभागीय पोर्टलhttps://erojgar.cg.gov.in/के जरिए भी आवेदन प्रेषित किए जा सकते हैं।

रोजगार विभाग के उपसंचालक जय प्रकाश कौशिक ने बताया कि उक्त प्रस्तावित रोजगार मेले में सम्मिलित होने के लिए इच्छुक निजी क्षेत्र के नियोजकों का पंजीयन होना अनिवार्य है। इस प्रक्रिया हेतु संस्था को कुछ आवश्यक जानकारियां साझा करनी होंगी, जिनमें संस्था प्रमुख का नाम, जीएसटी नंबर या फर्म पंजीयन, पैन नंबर अथवा टेन नंबर, मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी शामिल हैं। सभी नियोक्ताओं से समय सीमा के भीतर जानकारी प्रेषित करने की अपील की गई है ताकि आयोजन को सफल बनाया जा सके।

Next Story
null