
दंतेवाड़ा। जिले के गीदम से लगे हारम में पंडित प्रदीप मिश्रा 7 से 13 दिसंबर तक शिव महापुराण करेंगे। आज 6 दिसंबर को कलश यात्रा है। जिसमें सैकड़ों की संख्या में भक्त शामिल होंगे। वहीं शिव महापुराण को लेकर भक्तों में इतनी आस्था है कि कार्यक्रम शुरू होने से ठीक 2 दिन पहले ही भक्त कार्यक्रम स्थल पहुंचकर अपनी जगह बना लिए हैं।
वहीं पूरे 7 दिनों तक शिव महापुराण समिति हर दिन निःशुल्क भंडारा का आयोजन कर रही है। खास बात है कि जिले के अलग-अलग करीब 7 से 10 गांव के लोग खुद अपनी इच्छा से लगभग 10 लाख पत्तल बनाने में जुटे हुए हैं। समिति सदस्यों की मानें तो बड़े तुमनार, मोफलनार, गुमलनार, छोटे तुमनार जैसे गांवों में भी लोग दोना और पत्तल (पत्ते की कटोरी और थाली) बनाने में जुटे हुए हैं।
शिव महापुराण समिति के आयोजक अभिलाष तिवारी का कहना है कि, पहलीबार पंडित प्रदीप मिश्रा का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसको लेकर पूरे जिले के लोगों में उत्साह है। गांव-गांव के लोग खुद सेवाभाव से आगे आ रहे हैं और कार्यक्रम में अपने-अपने स्तर पर सहयोग कर रहे हैं। गांवों में पत्तल बनाने का काम कर रहे हैं।





