डेढ़ लाख में बिका बकरा, कुर्बानी देने मुस्लिम शख्स ने ख़रीदा

रायगढ़। रायगढ़ में ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों ने पूरी तैयारी कर ली है। कुर्बानी के इस पर्व को लेकर समाज के लोग एक महीने पहले से ही बकरों की खरीद-फरोख्त में जुटे हुए थे। इस दौरान एक से डेढ़ लाख रुपए तक के बकरे खरीदे गए हैं। पंजाब, ओडिशा समेत आसपास के जिलों से भी बकरे मंगाए गए हैं।
ईद के बाद मुस्लिम समाज का दूसरा सबसे बड़ा त्योहार ईद-उल-अजहा होता है। इस बार शहर में महंगे और खास नस्ल के बकरे भी देखने को मिल रहे हैं। बीड़पारा निवासी शानू खान ने बताया कि उन्होंने बकरीद को ध्यान में रखते हुए करीब छह महीने पहले पंजाब से बीटल नस्ल का एक महंगा बकरा मंगाया था। इसके अलावा उन्होंने एक और बीटल नस्ल का बकरा भी खरीदा है।
शानू खान के अनुसार, उनके पास इस नस्ल के साथ-साथ अन्य बड़े नस्ल के बकरे भी हैं, जिनकी वे विशेष देखभाल कर रहे हैं। गर्मी को देखते हुए बकरों के लिए कूलर की व्यवस्था की गई है। उनके खान-पान का भी खास ध्यान रखा जा रहा है। बकरों को हरी सब्जियां, चना और पौष्टिक चारा दिया जा रहा है, ताकि वे स्वस्थ रहें।
बीड़पारा के फैज अहमद ने बताया कि बकरीद को लेकर वे ओडिशा से बकरे लेकर आए हैं। इनमें दो बकरे लगभग 55 से 60 हजार रुपए कीमत के हैं, जो बड़े नस्ल के बकरे हैं। इन बकरों की विशेष रूप से देखरेख की जा रही है।





