छत्तीसगढ़

बिजली चोरी करने पर 87 हजार का जुर्माना लगाया गया

Nilmani Pal
13 July 2025 11:40 AM IST
बिजली चोरी करने पर 87 हजार का जुर्माना लगाया गया
x

रायपुर. छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी करने का पहला मामला राजधानी रायपुर से सामने आया है. पावर कंपनी की विजिलेंस टीम ने ब्राम्हणपारा क्षेत्र में एक उपभोक्ता के यहां मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली बायपास करने का मामला पकड़ा है. ऑनलाइन सिस्टम से मिली सूचना के आधार पर अधिकारियों ने मौके पर दबिश दी. जांच में चोरी की पुष्टि होने पर एफआईआर दर्ज कराई गई.

दरअसल, मामला लाखेनगर जोन के ब्राम्हणपारा इलाके का है, जहां उपभोक्ता आलोक शर्मा के घर लगे स्मार्ट मीटर में छेड़छाड़ की जानकारी गुढ़ियारी स्थित कंट्रोल रूम को मिली. तकनीकी टीम ने इसकी सूचना संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को दी, जिसके बाद 4 जुलाई को विजिलेंस की टीम ने छापा मारा. जांच में स्मार्ट मीटर की बॉडी क्रैक मिली और उसके सील टूटे हुए थे. इसके बाद मीटर को जब्त कर भिलाई के सेंट्रल लैब भेजा गया, जहां 10 जुलाई को उपभोक्ता की उपस्थिति में जांच हुई. रिपोर्ट में यह पुष्टि हुई कि मीटर के दोनों बॉक्स की सील तोड़कर अंदर छेड़खानी की गई थी.

स्मार्ट मीटर की आंतरिक जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. जांच में पाया गया कि मीटर के भीतर आर,वाई,बी तीनों फेज और न्यूट्रल टर्मिनल्स को अतिरिक्त कॉपर वायर से आपस में शॉर्ट कर दिया गया था, जिससे मीटर को बायपास किया गया. इस प्रक्रिया में मीटर की बॉडी को जानबूझकर क्षतिग्रस्त कर उसके सर्किट में हस्तक्षेप किया गया, जिससे वास्तविक विद्युत खपत का रिकॉर्ड प्रभावित हुआ.

अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की छेड़छाड़ से मीटर वास्तविक खपत से काफी कम रीडिंग दर्ज करता है, जिससे उपभोक्ता का बिल भी काफी कम आता है. इसे तकनीकी रूप से मीटर टेम्परिंग और अनाधिकृत बिजली उपयोग की श्रेणी में रखा जाता है.

Next Story
null